Home » राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में रिद्धांशी बनी अबेकस चौंपियन
छत्तीसगढ़

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में रिद्धांशी बनी अबेकस चौंपियन

जांजगीर-चांपा। जिले के शिवरीनारायण-राहौद क्षेत्र की 9 वर्षीय प्रतिभाशाली छात्रा रिद्धांशी साहू ने अपनी असाधारण गणितीय क्षमता और मानसिक गणना कौशल से क्षेत्र का नाम रोशन किया है। कक्षा तीसरी में अध्ययनरत रिद्धांशी ने राज्य स्तरीय अबेकस प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।

रायगढ़ के अग्रोहा धाम में आयोजित राज्य स्तरीय अबेकस प्रतियोगिता में रिद्धांशी साहू ने लिस्टिंग प्रतियोगिता में प्रथम रनर-अप तथा विजुअल प्रतियोगिता में चौंपियन बनकर उल्लेखनीय सफलता हासिल की। प्रतियोगिता के दौरान रिद्धांशी ने मात्र 10 मिनट में गणित के 200 प्रश्न हल कर अपनी तेज मानसिक गणना क्षमता का परिचय दिया। रिद्धांशी के पिता विश्वा साहू और माता रिंकी साहू ने बताया कि जब उनकी बेटी ने जांजगीर की अबेकस प्रशिक्षक रेणुका शर्मा के मार्गदर्शन में ऑनलाइन अबेकस कक्षाएं शुरू की थीं, तब वह गणित में एक सामान्य छात्रा थी, लेकिन नियमित अभ्यास और प्रशिक्षण के कारण आज वह अपने से बड़ी कक्षाओं के विद्यार्थियों को भी कड़ी टक्कर दे रही है।

अबेकस अनुसार अबेकस प्रशिक्षण 6 से 13 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए विशेष रूप से तैयार किया गया है। सप्ताह में दो दिन ऑनलाइन कक्षाओं के माध्यम से बच्चों को नौ चरणों में प्रशिक्षण दिया जाता है। इस पद्धति से बच्चों का गणितीय डर दूर होता है तथा उनमें सीखने की रुचि बढ़ती है। उन्होंने बताया कि अबेकस केवल गणित सीखने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह बच्चों के समग्र मानसिक विकास का भी प्रभावी साधन है। प्रशिक्षण के दौरान फ्लैश कार्ड गतिविधियां, ब्रेन डेवलपमेंट एक्सरसाइज, लिस्निंग एवं विजुअल प्रैक्टिस जैसी विभिन्न गतिविधियां कराई जाती हैं।

Search

Archives