बजरंग दल ने दी चेतावनी
रायपुर। राजधानी रायपुर में एक बार फिर सोशल मीडिया पर कथित प्राइवेट पूल पार्टी का पोस्टर वायरल होने के बाद हलचल मच गई है। वायरल पोस्टर में ₹4,999 एंट्री फीस लेकर किसी सीक्रेट लोकेशन पर पूल पार्टी आयोजित करने का दावा किया गया है। पोस्टर सामने आने के बाद रायपुर पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
पोस्टर में क्या है दावा?
सोशल मीडिया पर वायरल पोस्टर में मॉडल्स और एक्ट्रेस के साथ इंटरेक्शन, सीमित मेहमानों की एंट्री और भुगतान के बाद आयोजन स्थल की लोकेशन साझा करने जैसी बातें लिखी गई हैं। पोस्टर में आयोजन स्थल का नाम या पता सार्वजनिक नहीं किया गया है। दावा किया गया है कि केवल फीस जमा करने वालों को ही लोकेशन भेजी जाएगी।
पुलिस हर एंगल से कर रही जांच
रायपुर पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वायरल पोस्टर किसी वास्तविक आयोजन से जुड़ा है या केवल प्रचार के उद्देश्य से सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया है। साथ ही पोस्टर वायरल करने वाले सोशल मीडिया अकाउंट और उससे जुड़े लोगों की भी जांच की जा रही है।
पुलिस यह भी पता लगा रही है कि यदि ऐसा कोई आयोजन प्रस्तावित है, तो क्या इसके लिए संबंधित विभागों से आवश्यक अनुमति ली गई है या नहीं। आयोजन स्थल और आयोजकों की पहचान की भी पड़ताल की जा रही है।
बजरंग दल ने जताई आपत्ति
कथित पूल पार्टी के पोस्टर को लेकर बजरंग दल ने भी आपत्ति जताई है। संगठन का कहना है कि रायपुर में पहले भी इस तरह के पोस्टर सामने आ चुके हैं। पदाधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि ऐसा कोई आयोजन हुआ तो उसका विरोध किया जाएगा।
जांच के बाद ही साफ होगी सच्चाई
फिलहाल पुलिस वायरल पोस्टर की प्रामाणिकता, आयोजकों की पहचान और कथित आयोजन से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा कि यह किसी वास्तविक आयोजन का प्रचार है या केवल सोशल मीडिया पर वायरल किया गया भ्रामक पोस्टर।







