जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिला जेल में एक कैदी का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला है। मृतक की पहचान कोरबा जिले के बांकीमोंगरा थाना इलाके के ग्राम जवाली निवासी दुवास राम केंवट (21) के रूप में हुई है। उसे नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म के आरोप में एक दिन पहले ही जेल भेजा गया था।
घटना मंगलवार सुबह उस समय सामने आई, जब जेल परिसर के बाथरूम की सफाई के लिए कर्मचारी पहुंचे। उन्होंने दुवास राम केंवट को बाथरूम की खिड़की में कपड़े का फंदा बनाकर लटका हुआ देखा। इसकी सूचना तत्काल जेल प्रशासन को दी गई, जिसके बाद कोतवाली पुलिस को जानकारी दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही सीएसपी योगिता बाली खापर्डे के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस, फॉरेंसिक टीम और साइबर सेल की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। शव को फंदे से उतारकर पंचनामा की कार्रवाई की गई और पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
एक दिन पहले भेजा गया था जेल
पुलिस के अनुसार, दुवास राम केंवट को बलौदा पुलिस ने एक नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर ले जाने और अनाचार के मामले में गिरफ्तार किया था। उसे 8 जून को न्यायालय में पेश करने के बाद जिला जेल भेजा गया था।







