बिलासपुर। तारबाहर थाना क्षेत्र के व्यापार विहार इलाके में दिनदहाड़े एक बड़ी लूट की वारदात सामने आई है। प्रार्थी निर्भय कुमार सारथी पेशे से ड्राइवर है। करीब 20 वर्षो से व्यापार विहार से बिलासपुर-‘ लोरमी के बीच माजदा वाहन से व्यापारियों का सामान लाता ले जा रहा है। उन्होने अज्ञात बाइक सवारों के खिलाफ लूट की शिकायत दर्ज कराई है।
मिली जानकारी के अनुसार घटना 3 जून की है, जब निर्भय कुमार लोरमी स्थित राजपूत किरान और उषा किराना से 82,330 और 48,000 नगद लेकर व्यापार विहार लौटे थे। साथ ही रिंकू साहू की दुकान से एक पुरानी बेट्री भी अमरान कंपनी के शोरूम में बदलवाने के लिए लेकर आए थे। उन्होंने बताया कि पंकज जायसवाल की गाड़ी में लिफ्ट लेकर व्यापार विहार आए और गणेश आलू दुकान के सामने गाड़ी से उतरकर अपनी माजदा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनके हाथ में एक लाल रंग का झोला था। जिसमें 1,30,330 नगद और बेट्री रखी हुई थी। तभी अचानक एक बाइक पर सवार दो अज्ञात युवक तेज रफ्तार से आए और बलपूर्वक झोला छीनकर फरार हो गए। निर्भय कुमार ने तुरंत शोर मचाते हुए पीछा करने की कोशिश की, लेकिन तब तक दोनों युवक भाग चुके थे। घटना के समय उनके साथ मौजूद शिवम राजपूत ने भी पूरी वारदात को अपनी आंखों से देखा। थाना तारबाहर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अज्ञात बाइक सवारों के खिलाफ धारा 304 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। घटना से क्षेत्र के व्यापारियों में दहशत का माहौल है।







