पीड़िता बोली समझौता कराने के नाम पर कराया गया मां पर केस दर्ज
रतनपुर। डेढ़ माह पहले जिस विधवा महिला ने अपनी बेटी के साथ दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए एफआईआर में दर्ज करवाकर आरोपी को जेल भिजवा दिया था। अब उसी पीड़िता की मां को 10 साल के बच्चे के साथ अप्राकृतिक कृत्य के मामले में जेल की हवा खानी पड़ गई है। एक अन्य महिला ने विधवा महिला के खिलाफ एक महीने बाद मामला दर्ज कराया है। अपने लड़के के साथ अप्राकृतिक कृत्य का आरोप लगाने वाली महिला दुष्कर्म के आरोपी युवक की बुआ बताई जा रही है। हो सकता है यह एक बुरा संयोग हो। यह भी हो सकता है कि यह संयोग नहीं बाकायदा कोई सोची-समझी प्लानिंग हो। अब देखना यह है कि मामले में क्या नया मोड़ आता है।

दो महीने पहले 4 मार्च को आफताब मोहम्मद (19) लड़की को खूंटाघाट घुमाने ले गया था। जहां वह संबंध बनाने के बाद लड़की के साथ मारपीट करके भाग गया था। देर रात हाईवे पर पेट्रोलिंग की टीम को लड़की रोती-बिलखती मिली। पुलिस की पूछताछ में लड़की ने पूरी घटना बताई। जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया था। पीड़िता ने बताया कि 4 साल पहले जब वह स्कूल में पढ़ती थी, तब उसकी पहचान आफताब से हुई थी। आरोपी ने उससे दोस्ती करके प्यार का इजहार किया था। वह उसे अपने साथ घुमाने ले गया, जहां उसके साथ रेप किया। बदनामी के डर से किसी को इस बारे में जानकारी नहीं दी थी। इसी बात का फायदा उठाकर आरोपी उसके साथ लगातार दुष्कर्म करता रहा।मामले का एक विडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। वीडियो में एक लड़की इसी मामले में अपना बयान देते हुए रतनपुर पुलिस पर गंभीर आरोप लगा रही है। पीड़िता का कहना है कि समझौता कराने के नाम पर मां पर केस दर्ज कराया गया है। दुष्कर्म के मामले को कमजोर करने की कोशिश की गई है। यह पुलिस का काम है कि इस वीडियो की सत्यता को परखे और पूरे मामले की जांच करे। मामले को लेकर रतनपुर से लेकर बिलासपुर तक तरह-तरह की चर्चा हो रही है। मामले में पुलिस की अत्यधिक सक्रियता भी आश्चर्य और हैरत पैदा कर रही है। दुष्कर्म का आरोपी जेल में बंद युवक की बुआ विगत शुक्रवार को रतनपुर थाने में अपने बच्चे के साथ अप्राकृतिक दुष्कर्म की शिकायत करती है और शुक्रवार को ही प्रकरण बनाकर आरोपी महिला को जेल दाखिल कर दिया जाता है। रतनपुर पुलिस की ऐसी तत्परता बता रही है कि मामले में कुछ तो गड़बड़ है।
महिला की गिरफ्तारी पर थाना प्रभारी ने कहाटीआई कृष्णकांत सिंह ने कहा कि जिस युवक पर रेप का आरोप है, उसी युवक के घर 10 साल का लड़का रायपुर से आया था। वह एक दिन मोहल्ले की दुकान में फ्रूटी लेने जा रहा था, तभी विधवा महिला उसे चॉकलेट देने के बहाने अपने घर ले गई और नाबालिग बच्चे के प्राइवेट पार्ट से छेड़खानी की। बच्चे के रोने पर किसी को यह बात बताने पर जान से मारने की धमकी दी। जिसके बाद से बच्चा सदमे में आ गया था।इस घटना के कुछ ही दिन बाद बच्चे की मां रतनपुर आई और उसे लेकर रायपुर चली गई, वहां उसका बेटा गुमशुम और डरा-सहमा रहता था। बेटे से पूछने पर उसने पूरी आपबीती बताई। इसके बाद उसे रतनपुर लाकर उस महिला की पहचान कराई गई। पुलिस ने बच्चे की मां की शिकायत पर विधवा महिला के खिलाफ धारा 377, 506 और 4-12 पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज करके महिला को जेल भेज दिया है। उन्होंने कहा, हम दोनों केस को अलग-अलग नजरिए से देखा जा रहा है।







