Home » नर्स से रेप मामले में रेलवे अफसर गिरफ्तार, घटना के बाद 10 दिन तक दहशत में रही पीड़िता
बिलासपुर

नर्स से रेप मामले में रेलवे अफसर गिरफ्तार, घटना के बाद 10 दिन तक दहशत में रही पीड़िता

बिलासपुर। रेलवे के अफसर ने एक नर्स के साथ बलात्कार की घटना को अंजाम दिया है। बताया जा रहा है कि रेलवे के डिप्टी स्टेशन सुपरिटेंडेंट ने स्टेशन के मेडिकल यूनिट में पोस्टेड निजी हॉस्पिटल की नर्स को पार्टी के लिए घर पर बुलाया था। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि आरोपी अफसर ने उसे धोखे से घर पर बुलाकर रेप की घटना को अंजाम दिया। पीड़ित नर्स की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी रेलवे के अफसर को गिरफ्तार कर लिया है।

नर्स के साथ रेप की ये घटना सरकंडा थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक पीड़ित युवती प्राइवेट हॉस्पिटल में नर्स के पद पर पोस्टेड है। पुलिस में उसने रिपोर्ट दर्ज कराई कि संबंधित अस्पताल और रेलवे संयुक्त रूप से स्टेशन पर इमरजेंसी मेडिकल यूनिट चलाते हैं। इसकी पूरी मॉनिटरिंग डिप्टी स्टेशन सुपरिटेंडेंट फिरतू राम पटेल द्वारा किया जाता है। नर्स ने बताया कि ड्यूटी के दौरान अक्सर सुपरिटेंडेंट उससे औपचारिक बातचीत करता था।

यूनिट में साथ काम करने की वजह से फिरतू राम पटेल पिछले कुछ दिनों से पार्टी देने की बात कह रहा था। 17 मई को उसने नर्स को पार्टी देने के बहाने सरकंडा के गणेश वैली स्थित अपने घर बुलाया। रेलवे विभाग के अफसर होने के नाते वह उसकी बातों में आकर फिरतू राम के घर पहुंची। जहां यूनिट के अन्य सदस्य नही थे। ऐसे में आरोपी फिरतूराम ने उसे अकेली पाकर उसके साथ रेप की घटना को अंजाम दिया। घटना के बाद दहशत में आई पीड़िता करीब 10 दिनों तक डरी-सहमी रही और काम पर भी नहीं गई।

परिजनों द्वारा उसकी इस हालत की जानकारी लेने पर उसने अपने साथ हुए घटना की जानकारी दी। जिसके बाद पीड़ित नर्स ने घरवालों के साथ पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पीड़िता की रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद पुलिस ने आरोपी फिरतूराम पटेल को उसके आफिस से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने खुलासा किया है कि आरोपी पहले से शादीशुदा है। उसकी पत्नी के साथ उसका विवाद चल रहा है। जिस कारण वह लंबे समय से अकेले रहता है। पति से परेशान होकर पत्नी ने तलाक के लिए आवेदन भी किया है।

Search

Archives