नवादा। नवादा शहर के मिर्जापुर टीओपी क्षेत्र अंतर्गत संत मेहंदी कॉन्वेंट स्कूल के समीप सोमवार को दोपहर करीब दो बजे एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान कौवाकोल थाना क्षेत्र के डोमनबाग गांव निवासी ब्रह्मदेव महतो के 22 वर्षीय पुत्र सचिन कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है, कि बदमाशों ने सचिन कुमार को बेहद करीब से कनपटी में गोली मारी, जिससे गोली सिर को आरपार कर गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही मिर्जापुर टीओपी के साथ-साथ नगर थाना, बुंदेलखंड थाना और मुफस्सिल थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस को मौके से एक खोखा भी बरामद हुआ है। जांच के लिए पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। घटना की गंभीरता को देखते हुए नवादा के एसपी अभिनव धीमान और डीएसपी हुलास कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य संकलन का करने में जुटी हुई है। फॉरेंसिक टीम द्वारा साक्ष्य संकलन के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है।







