Home » लग्जरी कार से करते थे रेकी, फिर चंद मिनटों में लाखों का मार कर देते थे पार, गिरोह के 5 आरोपी गिरफ्तार, एक फरार
भोपाल मध्यप्रदेश

लग्जरी कार से करते थे रेकी, फिर चंद मिनटों में लाखों का मार कर देते थे पार, गिरोह के 5 आरोपी गिरफ्तार, एक फरार

भोपाल।  गांधी नगर थाना पुलिस ने एक ऐसे शातिर चोर गिरोह का खुलासा किया है, जो सुनसान और निर्माणाधीन मकानों को निशाना बनाकर लाखों की चोरी करते थे। लोगों को गुमराह करने गिरोह चोरी के इरादे से पहले महंगी कारों में रेकी करते थे। पुलिस ने गिरोह के पांच आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि एक फरार है। आरोपियों के कब्जे से स्कोडा और बोलेरो वाहन समेत लगभग 12 लाख रुपये का  सामान बरामद किया गया है।

गांधी नगर पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार किए गए आरोपियों में मतीन खां (28) निवासी परवलिया, शाकिर शाह (22), खालिद खान (26), राजू खां (40) और साहिल उर्फ बिल्लू बेलदार (21) शामिल हैं। सभी आरोपी गांधी नगर क्षेत्र के निवासी हैं या आसपास के इलाकों से ताल्लुक रखते हैं। इस गिरोह का एक अन्य सदस्य इरफान (30) पिता अय्यूब खां निवासी बीडीए क्वार्टर, गोदरमऊ फिलहाल फरार है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

425 सेंट्रिंग प्लेटों की चोरी से खुला राज- गिरफ्तारी की कार्रवाई मंजूर खान नामक व्यक्ति की शिकायत के बाद शुरू हुई। मंजूर खान ने गांधी नगर थाने में दर्ज शिकायत में बताया था कि बीडीए क्वार्टर गोदरमऊ में एक नवनिर्मित मकान के बंद कमरे में रखी गईं 425 लोहे की सेंट्रिंग प्लेटें चोरी हो गई हैं। इन प्लेटों की कीमत करीब 4.5 लाख रुपये आंकी गई थी।

शिकायत पर कार्रवाई करते हुए गांधी नगर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और एक लोडिंग वाहन की पहचान की। जांच में स्कोडा और बोलेरो जैसे वाहन भी सामने आए, जिनका इस्तेमाल रेकी और माल ढोने के लिए किया जाता था। फुटेज और वाहन नंबरों के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर दबिश देकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में सामने आया है कि यह गिरोह पहले भी चोरी की कई वारदातों को अंजाम दे चुका है। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है। इसके साथ ही अन्य घटनाओं की जानकारी जुटाई जा रही है, जिससे साफ हो सके कि गिरोह ने अब तक कितने स्थानों पर चोरी की वारदातें की हैं।

महंगे वाहनों का इस्तेमाल कर चकमा देने की थी योजना-  गिरोह के काम करने के तरीके ने पुलिस को भी चौंका दिया। आरोपियों ने चोरी के लिए स्कोडा जैसी महंगी कार और बोलेरो जैसे मालवाहक वाहन का इस्तेमाल किया, ताकि वे आम चोर न दिखें। इससे वे बेधड़क दिन-दहाड़े भी निर्माणाधीन मकानों में घुसकर चोरी कर सकते थे।

एडीसीपी मलकीत सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से अन्य चोरी की वारदातों को लेकर पूछताछ की जा रही है। कुछ और घटनाओं का भी खुलासा होने की उम्मीद है। फरार आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है।

Search

Archives