Home » 46 लाख रूपए की हेरोइन तस्करी मामले में ढाई साल से फरार इनामी बदमाश गिरफ्तार, अघोरी साधु बनकर पुलिस को दे रहा था चकमा
मध्यप्रदेश

46 लाख रूपए की हेरोइन तस्करी मामले में ढाई साल से फरार इनामी बदमाश गिरफ्तार, अघोरी साधु बनकर पुलिस को दे रहा था चकमा

उज्जैन । राजस्थान पुलिस ने उज्जैन से एक अघोरी को गिरफ्तार किया है। अघोरी की तलाश राजस्थान पुलिस को पिछले ढाई साल से थी। इसीलिए पुलिस को मुखबिर से जैसे ही इस बारे में खबर लगी पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अघोरी को गिरफ्तार कर लिया।

राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले की टाउन पुलिस ने 46 लाख रुपये की हेरोइन तस्करी के मामले में ढाई साल से फरार इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपी पूर्णराम शर्मा उर्फ पूर्ण अघोरी (40) अघोरी साधु का भेष बनाकर पुलिस को चकमा दे रहा था। पुलिस ने उस पर पांच हजार रूपए के इनाम की घोषणा की थी और आखिरकार मुखबिर की सूचना पर उसे धर दबोचा।

कई धार्मिक स्थानों पर डाला डेरा- बताया जाता है कि मार्च 2023 में टाउन पुलिस ने 115 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ तीन आरोपियों नवीन, ताराचंद और सुरेंद्र उर्फ छिंदा को पकड़ा था। पूछताछ में उन्होंने बताया कि यह मादक पदार्थ उन्होंने पूर्णराम शर्मा से खरीदा गया था। इसके बाद से पूर्णराम फरार हो गया और पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। उसने अपनी पहचान छिपाने के लिए अघोरी साधु का रूप धर लिया और देश के कई धार्मिक स्थानों पर छिपता रहा।

धार्मिक शहरो में रहकर बदलता रहा भेष- पूर्णराम ने पुलिस को गुमराह करने के लिए उज्जैन मे तंत्र क्रिया का ढोंग किया और यहां एक धर्मशाला में किराए पर रहा। इसके अलावा वह पश्चिम बंगाल के तारापीठ, गुवाहाटी के कामाख्या मंदिर और काशी के काल भैरव मंदिर में साधु बनकर छिपा रहा। उसने अपना नाम और पहचान बदलकर पुलिस की नजरों से बचने की कोशिश की, लेकिन टाउन थाना की एसआई ज्योति की टीम ने मुखबिर की सूचना पर उसे उज्जैन से पकड़ लिया। पूर्णराम के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21, 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पहले भी कई मामले हैं दर्ज- पूर्णराम श्रीगंगानगर का रहने वाला है और उसके खिलाफ पहले भी मादक पदार्थ तस्करी के कई मामले दर्ज हैं। उसने पूछताछ में बताया कि वह 2021 से 2023 तक ऐलनाबाद में रहकर हेरोइन बेचने का धंधा करता था। पुलिस अब उससे और जानकारी जुटा रही है, ताकि इस तस्करी के नेटवर्क का पर्दाफाश हो सके।

Search

Archives