Home » दो किलोमीटर तक ट्रेन ने घसीटी बाइक, बाल-बाल बचे दो युवक; आधा घंटा तक खड़ी रही वंदे भारत
उत्तर प्रदेश

दो किलोमीटर तक ट्रेन ने घसीटी बाइक, बाल-बाल बचे दो युवक; आधा घंटा तक खड़ी रही वंदे भारत

शाहजहांपुर। रेलवे नियमों की अनदेखी से बाइक सवार युवकों ने न सिर्फ अपनी बल्कि होली स्पेशल ट्रेन में सवार यात्रियों की जान भी खतरे में डाल दी। मऊ से अंबाला कैंट जा रही ट्रेन हुलासनगरा क्रासिंग पर पहुंची तो ट्रैक पा कर रहे युवक बाइक छोड़कर भाग गए, जो इंजन में फंस गई। दो किमी दूर बहगुल नदी के पुल पर ट्रेन को रोककर क्षतिग्रस्त बाइक निकाली गई। इस कारण वंदे भारत एक्सप्रेस को आधा घंटे तक के लिए रोकना पड़ा।

गुरुवार शाम को बंद हुलासनगरा रेलवे क्रासिंग से दो युवक बाइक को निकाल रहे थे। बरेली की ओर जा रही होली स्पेशल ट्रेन को आता देख दोनों बाइक को ट्रैक पर ही छोड़कर भाग गए। तेज गति होने के कारण बाइक ट्रेन के इंजन में फंस गई और दो किमी तक घिसटती चली गई।

बहगुल नदी पुल पर ट्रेन को रोका गया। रेलवे की इंजीनियरिंग टीम व बिलपुर चौकी इंचार्ज प्रभारी मौके पर पहुंचे। इंजन की जांच करने के बाद करीब 15 मिनट बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया। इस हादसे की वजह से पीछे आ रही वंदे भारत ट्रेन को कटरा रेलवे स्टेशन पर करीब 30 मिनट तक रोकना पड़ा। तेज गति में ट्रेन होने के कारण हादसा भी हो सकता था।

आरपीएफ चौकी प्रभारी नरवीर सिंह यादव ने बताया कि बाइक खुदागंज क्षेत्र के चरखौला गांव निवासी राहुल सिंह में नाम दर्ज है। उसके विरुद्ध रेलवे अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

Search

Archives