Home » ट्रेन के वॉशरूम में मिली जज की पत्नी की लाश, अलग-अलग कोच में कर रहे थे यात्रा
मध्यप्रदेश

ट्रेन के वॉशरूम में मिली जज की पत्नी की लाश, अलग-अलग कोच में कर रहे थे यात्रा

दरवाजा तोड़कर निकाला गया शव

इंदौर। रतलाम में कांचीगुड़ा -भगत की कोठी एक्सप्रेस (17606) में सफर के दौरान एक दुखद घटना सामने आई। अतिरिक्त जिला न्यायाधीश राजकुमार चौहान की पत्नी उषा चौहान की ट्रेन के वॉशरूम में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने ट्रेन रुकवाकर वॉशरूम का दरवाजा तोड़ा और महिला का शव बाहर निकाला। प्रारंभिक जांच में साइलेंट हार्ट अटैक की आशंका जताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अतिरिक्त जिला न्यायाधीश राजकुमार चौहान राजस्थान के निम्बाहेड़ा में पदस्थ हैं। वह अपनी पत्नी उषा चौहान के साथ जोधपुर से निंबाहेड़ा जा रहे थे। दोनों अलग-अलग कोच में यात्रा कर रहे थे। ट्रेन के निंबाहेड़ा पहुंचने से कुछ देर पहले उषा चौहान ने फोन कर अपने पति को बताया कि वह वॉशरूम जा रही हैं।

जब ट्रेन निंबाहेड़ा स्टेशन पहुंची तो राजकुमार चौहान ट्रेन से उतर गए, लेकिन उनकी पत्नी कोच से बाहर नहीं आईं। काफी देर तक इंतजार करने के बाद भी जब उनका कोई पता नहीं चला तो उन्होंने रेलवे पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस ने ट्रेन को पहले मंदसौर में रुकवाया और वॉशरूम का दरवाजा खोलने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद ट्रेन को रतलाम जिले के जावरा सेक्शन में रोका गया, जहां पुलिस ने वॉशरूम का दरवाजा तोड़कर अंदर देखा तो उषा चौहान का शव पड़ा मिला।

पुलिस ने शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। डॉक्टरों की प्रारंभिक जांच में साइलेंट हार्ट अटैक की संभावना जताई गई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Search

Archives