Home » पुलिस ने मारा थप्पड : पांचवीं मंजिल से कूदकर युवक ने दी जान, परिवार ने लगाए गंभीर आरोप
मध्यप्रदेश

पुलिस ने मारा थप्पड : पांचवीं मंजिल से कूदकर युवक ने दी जान, परिवार ने लगाए गंभीर आरोप

इंदौर। शहर में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान 23 वर्षीय राज मकवाना के रूप में हुई है। परिवार का आरोप है कि पुलिसकर्मी द्वारा थप्पड़ मारने से डरे युवक ने घर लौटकर पांचवीं मंजिल से छलांग लगा दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मामले को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

परिजनों के मुताबिक राज मकवाना मानसिक रोग से पीड़ित था और नियमित रूप से दवाइयां ले रहा था। बुधवार देर रात करीब दो से तीन बजे के बीच उसे सांस लेने में तकलीफ महसूस हुई, जिसके कारण वह ताजी हवा लेने के लिए घर से बाहर निकल गया।

गार्ड ने रोका, पुलिस बुलाई

बताया जा रहा है कि देर रात युवक को यूं घूमता देख सोसायटी के गार्ड ने उसे रोक लिया और पुलिस को बुला लिया। परिजनों का कहना है कि उन्होंने पुलिस को बताया था कि राज मानसिक रूप से बीमार है और उसका इलाज चल रहा है। इसके बावजूद आरोप है कि मौके पर पहुंचे एक पुलिस अधिकारी ने उसे थप्पड़ मार दिया।

घर लौटकर लगा ली छलांग

परिवार का आरोप है कि इस घटना से राज बुरी तरह घबरा गया और घर लौटने के बाद उसने पांचवीं मंजिल से छलांग लगा दी। इतनी ऊंचाई से गिरने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस का अलग दावा

पुलिस का कहना है कि परिजनों से बातचीत कर टीम स्थिति समझने के बाद वहां से लौट गई थी। पुलिस के अनुसार टीम के जाने के करीब 45 मिनट बाद यह हादसा हुआ। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

Search

Archives