मथुरा। स्कूल बस चालक की लापरवाही से शुक्रवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। नौवीं के छात्र को उतरना था, लेकिन चालक ने बस में ब्रेक नहीं लगाए। चलती बस से उतरने पर छात्र का संतुलन बिगड़ गया और पैर फिसलन से वह सिर के बल सड़क पर गिरा। बस का पहिया ऊपर से गुजरने से छात्र की मौके पर ही मौत हो गई।
आसपास के लोगों ने शोर मचाया तो चालक ने बस रोकी। टाउनशिप स्थित सिटी केयर अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चालक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
शहर के धौलीप्याऊ स्थित नटवर नगर निवासी 14 वर्षीय हर्षित शर्मा हनुमान नगर स्थित आर्मी पब्लिक स्कूल में नौवीं के छात्र थे। उनके पिता मुकेश शर्मा भारतीय सेना में हवलदार पद पर कार्यरत हैं और वर्तमान में जम्मू-कश्मीर में तैनात हैं। होली की छुट्टी मनाकर वह गुरुवार सुबह ड्यूटी के लिए रवाना हो गए थे।
शुक्रवार को हर्षित परीक्षा देने के लिए स्कूल में गया था। दोपहर करीब दो बजे छुट्टी हुई तो सभी बच्चे बस में सवार होकर अपने घर की ओर चल दिए। बस में हर्षित भी सवार हो गया। दोपहर ढाई बजे मोतीकुंज क्षेत्र में छात्र को उतरना था, लेकिन चालक ने बस रोकी नहीं बल्कि धीमी कर दी। चलती बस से ही छात्र को नीचे उतरने को कहा दिया।
बस से उतरते ही हर्षित ने संतुलन खो दिया और पैर फिसलने से वह जमीन पर गिर पड़ा। बस का पहिया उसके ऊपर से गुजर गया। आसपास के लोगों ने हादसा देखा तो शोर मचा दिया। चालक ने बस को रोका और छात्र को बस में लिटाकर टाउनशिप स्थित सिटी केयर अस्पताल पहुंचा, लेकिन चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने स्वजन को सूचना दी। मृतक के ताऊ हरिकृष्ण शर्मा ने आरोप लगाया कि आर्मी पब्लिक स्कूल में सभी निजी बसें लग रही हैं। इन बसों के दरवाजे हमेशा खुले रहते हैं। चालक लापरवाही से चलाते हुए बस को धीमा करते हैं और चलती बस से छात्रों को उतरने को कहते हैं। इससे कभी भी हादसे की आशंका बनी रहती है।
ताऊ ने हाईवे थाने में बस चालक के खिलाफ प्रार्थना-पत्र दिया है। हाईवे थाना प्रभारी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि बस को जब्त कर लिया है। मुकदमा दर्ज करके चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
हमेशा साइकिल से स्कूल जाता था हर्षित
ताऊ हरिकृष्ण ने बताया कि भतीजा हर्षित हमेशा साइकिल से स्कूल जाता था। पूर्व में एक बार बस से गया था। शुक्रवार को वह दूसरी बार बस से गया था। उन्होंने आशंका जताई कि लगातार स्कूल बस से नहीं आने पर चालक से कहासुनी हुई होगी। इसके बाद उसने छात्र को चलती बस से उतरने को कहा होगा। इससे हादसा हो गया।







