
रायपुर। छत्तीसगढ़ के एक युवक को सात समुंदर पार स्वीडन की लड़की से प्यार हुआ, लेकिन वे कोरोनाकॉल की वजह से बंधन में नहीं बंध सके। आखिरकार उनके प्यार की जीत हुई। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के दूल्हे ने स्वीडन की दुल्हनिया से शादी कर ली।7 जनवरी को रायपुर के ब्राह्मण पारा निवासी अपराजित शर्मा और स्वीडन की अमांडा सात जन्मों के लिए एक हो गए। दोनों ने हिंदू रिति-रिवाज के साथ शादी की। स्वीडन की अमांडा अपने परिवार के साथ रायपुर पहुंची थी। पंडित ने जो सात वचन पढ़े उसे इंग्लिश में ट्रांसलेट कर अपराजित ने अमांडा को सुनाया। शादी में अमांडा की बहनों ने जूता छिपाने की रस्म भी निभाई। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अमांडा एक हॉस्पिटल में यूनिट मैनेजर है, जबकि अपराजित एक कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर है। रायपुर से इंजीनियरिंग के बाद 2013 में जॉब के लिए अपराजित शर्मा स्वीडन शिफ्ट हुए। 27 सितंबर 2017 को कॉमन फ्रेंड की पार्टी में अमांडा और अपराजित की पहली मुलाकात हुई। कुछ ही महीनों में दोनों के बीच दोस्ती हुई और फिर बात आगे बढ़ते चली गई। फिर बातों का सिलसिला शुरू हो गया। दोनों के रिश्ते को लेकर परिवार वालों ने भी उनका साथ दिया। अपराजित ने 20 नवंबर 2021 को एफिल टॉवर के पास घुटनों पर बैठकर अमांडा को रिंग पहनाते हुए प्रपोज किया। दोनों ने जनवरी 2022 में शादी की प्लानिंग की। कोरोना वायरस के कारण वे शादी नहीं कर पाए। इसके बाद 7 फरवरी 2023 को रायपुर में दोनों ने शादी की और हमेशा-हमेशा के लिए एक-दूजे के हो गए।







