Home » सोन पापड़ी का डिब्बा नहीं, कर्मचारी को गिफ्ट में मिली 4 करोड़ की Lamborghini!
दुनिया

सोन पापड़ी का डिब्बा नहीं, कर्मचारी को गिफ्ट में मिली 4 करोड़ की Lamborghini!

दुबई की कंपनी ने ऐसे दिया सरप्राइज

दुबई। नौकरी में अच्छा प्रदर्शन करने पर कर्मचारियों को आमतौर पर बोनस, इंक्रीमेंट या प्रमोशन मिलता है। लेकिन दुबई की एक रियल एस्टेट कंपनी ने अपनी महिला कर्मचारी को ऐसा तोहफा दिया, जिसकी चर्चा अब सोशल मीडिया पर हो रही है। कंपनी ने अपनी टॉप परफॉर्मर नतालिया चावेज को करीब 4 करोड़ रुपये कीमत की लंबोर्गिनी यूरस गिफ्ट की है। इस अनोखे इनाम का वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है।

ट्रॉफी लेने पहुंचीं, सामने खड़ी मिली करोड़ों की कार

यह पूरा मामला दुबई की रियल एस्टेट कंपनी रिचकी प्रॉपर्टीज का है। कंपनी की तीसरी सालगिरह के मौके पर एक अवॉर्ड नाइट आयोजित की गई थी। इस कार्यक्रम में नतालिया चावेज को साल 2026 की टॉप परफॉर्मर घोषित किया गया। उन्हें मंच पर बुलाकर ट्रॉफी दी गई। इसके बाद वह अपनी सीट पर लौटने लगीं, लेकिन तभी कंपनी के सीईओ ने उन्हें दोबारा मंच पर बुला लिया।

इसके बाद कार्यक्रम में काउंटडाउन शुरू हुआ और रिबन से सजी नीली लंबोर्गिनी यूरस सामने लाई गई। कार देखते ही नतालिया हैरान रह गईं। उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि कंपनी उनके शानदार प्रदर्शन के लिए इतना बड़ा तोहफा देने वाली है।

दो साल में 4,700 करोड़ रुपये से ज्यादा की डील

नतालिया चावेज की इस उपलब्धि के पीछे उनकी शानदार कारोबारी सफलता है। उन्होंने महज दो साल में 500 मिलियन डॉलर से ज्यादा की प्रॉपर्टी डील पूरी की हैं। भारतीय मुद्रा में यह रकम करीब 4,700 करोड़ रुपये से अधिक होती है।

कंपनी के मुताबिक, नतालिया ने पहली तिमाही में तीसरा स्थान हासिल किया था, जबकि दूसरी और तीसरी तिमाही में वह टॉप पर रहीं। पूरे साल के प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें एम्पलॉयर ऑफ द ईयर चुना गया। इस दौरान उन्होंने चार बड़े अवॉर्ड भी अपने नाम किए।

कितनी है लंबोर्गिनी यूरस की कीमत?

लंबोर्गिनी यूरस दुनिया की चर्चित लग्जरी एसयूवी में शामिल है। दुबई में इसकी कीमत करीब 9 लाख से 15.5 लाख दिरहम के बीच बताई जाती है। भारतीय रुपये में इसकी कीमत लगभग 2.3 करोड़ से 4 करोड़ रुपये तक हो सकती है। हालांकि, नतालिया को कंपनी ने इसका कौन-सा वेरिएंट दिया है और उसकी वास्तविक कीमत कितनी है, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

सोशल मीडिया पर कंपनी की हो रही तारीफ

रिचकी प्रॉपर्टीज ने इस सरप्राइज का वीडियो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया है। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स कंपनी की तारीफ कर रहे हैं। कुछ लोगों ने इसे मेहनत और सफलता का शानदार इनाम बताया, तो कुछ ने रियल एस्टेट सेक्टर में मिलने वाले भारी कमीशन और कमाई की संभावनाओं पर चर्चा शुरू कर दी।

कई यूजर्स ने मजाकिया अंदाज में लिखा कि आमतौर पर त्योहारों पर कंपनियां कर्मचारियों को सोन पापड़ी का डिब्बा देती हैं, लेकिन यहां तो सीधे लंबोर्गिनी ही गिफ्ट कर दी गई।