Home » पान मसाला विज्ञापन विवाद में अजय देवगन पहुंचे हाईकोर्ट, FDA के नोटिस को दी चुनौती
देश

पान मसाला विज्ञापन विवाद में अजय देवगन पहुंचे हाईकोर्ट, FDA के नोटिस को दी चुनौती

मुंबई। पान मसाला ब्रांड के विज्ञापन से जुड़ा विवाद अब अदालत पहुंच गया है। अभिनेता अजय देवगन ने महाराष्ट्र के फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (एफडीए) के कारण बताओ नोटिस को बॉम्बे हाईकोर्ट में चुनौती दी है। उनका कहना है कि वह ब्रांड के विज्ञापनकर्ता हैं और संबंधित उत्पाद को लेकर कार्रवाई निर्माता कंपनी के खिलाफ होनी चाहिए।

उपलब्ध विवरण के मुताबिक, अजय देवगन की ओर से 29 अक्टूबर को याचिका दाखिल की गई। इसमें संबंधित नियमों की संवैधानिक वैधता पर सवाल उठाते हुए नोटिस को अधिकार क्षेत्र से बाहर बताया गया है। याचिका पर 4 नवंबर को सुनवाई होनी है।

अभिनेता का पक्ष है कि किसी ब्रांड का विज्ञापन करने के आधार पर उन्हें सीधे नोटिस भेजना उचित नहीं है। उन्होंने निर्माता कंपनी और विज्ञापन करने वाले व्यक्ति की भूमिका अलग होने का तर्क रखा है। मामला ‘विमल इलायची’ के विज्ञापन से जुड़ा है। महाराष्ट्र एफडीए ने अजय देवगन के साथ शाहरुख खान और टाइगर श्रॉफ को भी नोटिस भेजा था। आरोप है कि इलायची के विज्ञापन की आड़ में प्रतिबंधित पान मसाला उत्पाद का अप्रत्यक्ष प्रचार किया गया।