जांजगीर-चांपा। भारतमाला फोरलेन पर रोड सोल्डर रेलिंग से टकराकर बाइक अनियंत्रित होते हुए सड़क़ से नीचे जा गिरी। हादसे में बाइक सवार पति पत्नी की मौत हो गई, वहीं 16 साल की बेटी गंभीर रूप से घायल हुई है।
बलौदा थाना क्षेत्र के खिसोरा गांव के पास भारतमाला फोरलेन पर बुधवार 16 सितंबर को सड़क़ हादसे ने एक परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। बिलासपुर से बुंदेली लौट रहे बाइक सवार पति-पत्नी सड़क़ हादसे में मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। बताया जा रहा है कि ग्राम बुंदेली निवासी दिलेश कौशले उम्र 40 वर्ष अपनी पत्नी ऊषा कौशले उम्र 36 वर्ष और बेटी शिवानी उम्र 16 वर्ष के साथ बाइक क्रमांक सीजी 12 एक्यू 9941 से लौट रहे थे। खिसोरा के पास तेज रफ्तार बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और भारतमाला सड़क़ किनारे लगी साइड शोल्डर रेलिंग से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद बाइक सड़क़ से नीचे उतर गई।
हादसा इतना भीषण था कि दिलेश कौशले और उनकी पत्नी ऊषा कौशले की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 16 वर्षीय बेटी शिवानी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही बलौदा पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बलौदा भेजा गया, वहीं गंभीर रूप से घायल शिवानी को बेहतर उपचार के लिए बिलासपुर रेफर किया गया है। इस दर्दनाक हादसे की खबर बुंदेली गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। पति-पत्नी की एक साथ मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। फिलहाल बलौदा पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।







