मुंबई। प्रसिद्ध लालबागचा राजा गणपति पंडाल में इस बार भी श्रद्धालुओं ने जमकर चढ़ावा अर्पित किया है। गणेशोत्सव के शुरुआती दो दिनों में ही दानपात्र से करोड़ों रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण और अन्य कीमती वस्तुएं मिली हैं।
लालबागचा राजा सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडल के अनुसार, पहले दो दिनों में दानपात्र से करीब 1.37 करोड़ रुपये नकद, लगभग 293 ग्राम सोना और 8.3 किलोग्राम से अधिक चांदी प्राप्त हुई है। समिति की निगरानी में दान की गिनती की गई। श्रद्धालुओं ने बप्पा के चरणों में अपनी श्रद्धा के रूप में सोने-चांदी के गहने, हीरे की ज्वेलरी और अन्य कीमती वस्तुएं भी अर्पित कीं। समिति के सदस्यों की मौजूदगी में इन वस्तुओं को अलग-अलग सुरक्षित रखा गया। लालबागचा राजा मुंबई के सबसे प्रसिद्ध गणपति पंडालों में शामिल है। हर साल गणेशोत्सव के दौरान यहां देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं और अपनी मनोकामना पूरी होने पर बप्पा को चढ़ावा चढ़ाते हैं।







