पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के कोहाट जिले में शुक्रवार को मस्जिद के पास मौजूद पुलिस लाइंस में हुए विस्फोट में कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि 50 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। जियो न्यूज के मुताबिक यह धमाका पुलिस लाइंस इलाके में हुआ। रिपोर्टस के मुताबिक, बम धमाके के बाद मस्जिद के बाहर फायरिंग भी की गई है, हालांकि यह समाने नहीं आया कि हमला किस आतंकी संगठन की ओर से किया गया।
उन्होंने बताया कि विस्फोट के बाद पुलिस लाइंस में अतिरिक्त पुलिस बल की टुकड़ी तैनात की गई। बचाव अधिकारियों ने कहा कि विस्फोट से मस्जिद का बाहरी हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि एक दीवार भी ढह गई। घटना के बाद अधिकारियों ने कोहाट-हंगू रोड को सभी तरह के यातायात के लिए बंद कर दिया है। अस्पताल प्रशासन ने बाद में बताया कि कम से कम 50 घायलों को इलाज के लिए अस्पताल लाया गया है।







