सीतापुर। यूपी के सीतापुर में बुधवार सुबह BJP कार्यालय में उस समय हड़कंप मच गया जब वहां मौजूद कर्मचारियों को किंग कोबरा सांप दिखाई दिया। करीब पांच फीट लंबा किंग कोबरा सांप को देख कर्मचारियों के होश उड़ गए।
किंग कोबरा सांप, जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला के कमरे में लगे एसी के अन्दर बैठा हुआ था। बताते हैं कि जब कार्यालय पर तैनात कर्मचारी कमरे की सफाई करने गया तो उसे एसी के पिछले हिस्से में एक पूछ दिखाई दी, जिसे सफाई कर रहे कर्मचारी ने किसी जीव के होने की आशंका से डंडे से हिलाया।
इसके बाद किंग कोबरा का पीछे का हिस्सा आधे से ज्यादा बाहर निकल गया। कुछ देर बाद उसका मुंह एसी के आगे के हिस्से से निकल आया। सांप को देखकर सफाई कर रहा कर्मचारी दहशत में आ गया और वह भागकर कमरे से बाहर आ गया।
उसने जिलाध्यक्ष को कमरे में सांप होने की सूचना दी। जिलाध्यक्ष की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वन विभाग की टीम ने एसी के पीछे से बमुश्किल किंग कोबरा सांप को निकाला। करीब पांच फीट का लंबा किंग कोबरा एसी से निकलने के बाद वह पास की खिड़की पर रेंगने लगा।
वन विभाग की टीम को किंग कोबरा का रेस्क्यू करने में करीब पांच घंटे का समय लगा तब जाकर वह पकड़ में आया। किंग कोबरा के पकड़े जाने के बाद कर्मचारियों ने राहत की सांस ली।







