Home » मिष्ठान विक्रेताओं को FSSAI के नियमों का पालन करने के निर्देश, जांच के लिए भेजे गए खाद्य पदार्थों के नमूने
कोरबा

मिष्ठान विक्रेताओं को FSSAI के नियमों का पालन करने के निर्देश, जांच के लिए भेजे गए खाद्य पदार्थों के नमूने

कोरबा/कटघोरा। जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और मिलावट पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने मंगलवार को खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने जांच हेतु लिए गए।  कलेक्टर कुणाल दुदावत एवं आयुक्त दीपक अग्रवाल के निर्देशानुसार की गई इस कार्रवाई में कटघोरा स्थित मुरली होटल से काजू बर्फी का नमूना लिया गया। वहीं, श्याम होटल कटघोरा में शिकायत प्राप्त होने के आधार पर गुलाब जामुन एवं समोसे के नमूने जांच के लिए लिए गए।

इसके अलावा छुरी स्थित नेताम होटल में शिकायत के आधार पर समोसे का नमूना भी जांच हेतु लिया गया। खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने सभी मिष्ठान विक्रेताओं को खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) के निर्धारित नियमों का पालन करने के निर्देश दिए। साथ ही खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और सुरक्षित खाद्य सामग्री के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। खाद्य पदार्थों के नमूनों को जांच के लिए भेजा गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।