रहवासी खासे परेशान, नशेड़ियों का अड्डा बना
कोरबा। सीएसईबी चौकी क्षेत्र अंतर्गत पंप हाउस का एक इलाका काफी समय से संवेदनशील बना हुआ है। इस बार यहां दिनदहाड़े चोरी की घटना सामने आई है। मंगलवार की दोपहर चोेरों ने घर के बाहर खड़ी बाइक से बैटरी पार कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार एसईसीएल आवास एम 312 के सामने वाहन स्वामी इतवारी दास महंत बाइक सीजी 12 एम 1778 खड़ी किया था। इसी दौरान दोपहर को किसी अज्ञात चोर ने बाइक से बैटरी पार कर दिया। प्रार्थी गणेश दास महंत ने बताया कि बाइक से बैटरी के कवर को पहले तोड़ा गया है। इसके बाद बैटरी को बाहर निकाला गया। पंप हाउस का यह क्षेत्र काफी संवेदनशील है। इससे पहले भी कई गंभीर वारदात यहां हो चुकी है। इस स्थान से कुछ ही दूरी पर पूर्व में नील कुसुम पन्नों नामक युवती की हत्या कर दी गई थी। इस क्षेत्र के लोग घटना को आज तक नहीं भूले। जानकारी के अनुसार यह क्षेत्र नशेड़ियों का अड्डा बना हुआ है। आवासीय क्षेत्र में शराब की बोतले फेेंककर चले जाते हैं। गणेश दास महंत का कहना है कि पुलिस गश्त की आवश्यकता है। समय रहते इस ओर ध्यान नहीं दिया गया तो आने वाले समय में बड़ी अनहोनी से इंकार नहीं किया जा सकता। वाहन स्वामी ने पुलिस से शिकायत करने की बात कही है।







