Home » बुधवारी बाजार में सड़क किनारे गिरे युवक की मौत … शराबी समझकर अनदेखा करते रहे लोग
छत्तीसगढ़

बुधवारी बाजार में सड़क किनारे गिरे युवक की मौत … शराबी समझकर अनदेखा करते रहे लोग

बिलासपुर। शहर के बुधवारी बाजार स्थित जगत मेडिकल के सामने सोमवार दोपहर एक दर्दनाक घटना सामने आई। एक युवक सड़क किनारे अचेत अवस्था में पड़ा मिला। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक दोपहर करीब ढाई से तीन बजे के बीच सड़क किनारे गिर गया था। लेकिन आसपास मौजूद लोगों ने उसे शराब के नशे में समझकर गंभीरता से नहीं लिया।

बताया जा रहा है कि करीब डेढ़ से दो घंटे तक युवक वहीं पड़ा रहा। शाम होने पर कुछ लोगों को उसकी हालत संदिग्ध लगी। जिसके बाद पास जाकर देखा तो उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।

मृतक की पहचान गजेंद्र शर्मा के रूप में हुई है जो बुधवारी बाजार क्षेत्र का निवासी था और वहीं उसकी दुकान भी संचालित होती थी।। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए। युवक की अचानक मौत से बाजार क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Search

Archives