आरोपी ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर फरार, पुलिस ने केस दर्ज कर शुरू की तलाश
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के पाली थाना क्षेत्र अंतर्गत सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। भीमसेनिया जंगल के पास एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने मोटरसाइकिल को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में एक बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आरोपी चालक ट्रेलर छोड़कर मौके से फरार हो गया है।
काम से घर लौटते समय हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पाली थाना क्षेत्र के ग्राम बसीबार निवासी लोंगदास (45 वर्ष) और रामलाल चौहान (40 वर्ष) सोमवार शाम को अपना काम खत्म करके मोटरसाइकिल (क्रमांक सीजी 12 एन 4608) से वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान भीमसेनिया जंगल के पास मुख्य सड़क पर सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर (क्रमांक सीजी 10 आर 1810) ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।
सिर पर गंभीर चोट लगने से मौत
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक चला रहे लोंगदास के सिर पर गंभीर चोटें आईं और अत्यधिक खून बह जाने के कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, उनके साथी रामलाल चौहान को भी गंभीर चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाली ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद लोंगदास को मृत घोषित कर दिया, जबकि रामलाल की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उच्च संस्थान रेफर कर दिया गया है।







