भागलपुर। सुल्तानगंज प्रखंड के भीरखुद पंचायत स्थित तरेटा गांव में सोमवार को बाढ़ के पानी में डूबने से छह बच्चों की मौत हो गई। हादसा गैस गोदाम के पास हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पानी में बच्चों की तलाश शुरू कर दी। इसके बाद सुल्तानगंज थाना पुलिस और अंचल पदाधिकारी को घटना की सूचना दी गई।
हादसे के बाद मौके पर जुटी ग्रामीणों की भीड़ : छह बच्चों की मौत की खबर फैलते ही गांव में मातम पसर गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर और अस्पताल में जुट गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भागलपुर भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल : हादसे की खबर मिलते ही मृतक बच्चों के परिवारों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम का माहौल है और परिवार के लोगों को ढांढस बंधाने के लिए ग्रामीण बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंचे।
एनडीए कार्यकर्ता भी अस्पताल पहुंचे : घटना की जानकारी मिलने पर एनडीए के कार्यकर्ता भी सुल्तानगंज रेफरल अस्पताल पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर घटना पर दुख जताया। साथ ही सरकार की ओर से मिलने वाली सहायता राशि दिलाने की बात कही।
सीओ ने परिजनों से की मुलाकात : सुल्तानगंज के अंचल पदाधिकारी रमण कुमार भी अस्पताल पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने सरकारी प्रावधान के अनुसार परिवारों को सहायता दिलाने का भरोसा दिया। घटना के दौरान अस्पताल और आसपास बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।







