ओटावा। कनाडा में फ्लाइट ट्रेनिंग के दौरान एक दुखद हवाई दुर्घटना में 2 भारतीय छात्रों की मौत हो गई। घटना की पुष्टि कनाडा स्थित भारतीय दूतावास कंसुलेट जनरल ऑफ इंडिया वैंकूवर ने की है। इस घटना में जान गवांने वाले भारतीय छात्रों की पहचान तमिलनाडु के मनोज शिवकुमार और पुडुचेरी के श्रीसरन तिरुग्नानसंबंथम के तौर पर हुई है।
विमान हादसे पर वैंकूवर स्थित भारत के महावाणिज्य दूतावास ने शोक व्यक्त किया। दूतावास ने सोशल साइट एक्स पर पोस्ट कर लिखा, वैंकूवर स्थित भारत का महावाणिज्य दूतावास तमिलनाडु के मनोज शिवकुमार और पुडुचेरी के श्रीसरण तिरुग्नानसंबंथम की मौत पर गहरी संवेदना व्यक्त करता है। दोनों भारतीय छात्रों की कनाडा में उड़ान प्रशिक्षण के दौरान हुए एक दुखद विमान हादसे में मौत हो गई। दूतावास ने आगे कहा, इस कठिन समय में हमारी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों और उनके प्रियजनों के साथ है। हम शवों को भारत ले जाने के लिए उनके परिवारों को वाणिज्य दूतावास संबंधी हरसंभव सहायता देने के लिए तैयार हैं।







