मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने क्रिकेट की सनसनी बन चुके वैभव सूर्यवंशी को ‘वाकई बेहद ख़ास’ बताया है और कहा कि किसी को भी ‘उसकी (वैभव) स्वाभाविक खेल शैली के साथ छेड़छाड़ नहीं करनी चाहिए।’
बिहार से ताल्लुक रखने वाले सूर्यवंशी ने इंडियन प्रीमियर लीग यानी आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन किया। हालाँकि उनकी टीम राजस्थान रॉयल्स फ़ाइनल मुक़ाबले में नहीं पहुँच सकी, लेकिन बाएं हाथ के इस ओपनर ने अपने दमदार प्रदर्शन से तमाम क्रिकेट प्रशंसकों का दिल जीत लिया है। उन्होंने मौजूदा आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स के लिए कुल मिलाकर 776 रन बनाए और वो भी 237 से अधिक की स्ट्राइक रेट के साथ। बता दें राजस्थान रॉयल्स के ओपनर वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल के एक सीज़न में सबसे ज़्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड बनाया है।
सूर्यवंशी ने इस दौरान 72 छक्के लगाए और वेस्ट इंडीज़ के धाकड़ बल्लेबाज़ क्रिस गेल के एक आईपीएल सीज़न में सबसे ज़्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया। क्रिस गेल ने एक सत्र में 59 छक्के लगाए थे। इस बीच, मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर समेत कई पूर्व क्रिकेटरों ने 15 साल के वैभव के प्रदर्शन की जमकर तारीफ़ की है।
मुंबई में आयोजित एक कार्यक्रम में सचिन ने कहा कि उन्होंने सूर्यवंशी की बल्लेबाज़ी देखी है, वह शानदार है। उन्होंने कहा, “हर कोई सूर्यवंशी की बात कर रहा है और मैंने उसकी बल्लेबाज़ी देखी है- वह शानदार है। मेरा मतलब है कि वह वास्तव में कुछ बेहद ख़ास है। सिर्फ़ गेंद को ज़ोरदार तरीके से मारने की उसकी काबिलियत ही नहीं, बल्कि मुझे सबसे ज्यादा जिस चीज़ ने प्रभावित किया, वह उसकी अपनी कलाइयों का इस्तेमाल करने की कला। उसकी बल्लेबाज़ी में कलाइयों का कमाल देखने लायक है। “
सचिन ने कहा, “(एक बल्लेबाज़ के लिए) मैदान के हर हिस्से में शॉट खेलने के लिए कलाइयों का अच्छा इस्तेमाल आना ज़रूरी है और वह सिर्फ़ ताकत के भरोसे गेंद को नहीं मार रहा है। वह बाकी खिलाड़ियों की तुलना में गेंद की लाइन और लेंग्थ को पहले ही भांप लेता है और आसानी से गेंद को बाउंड्री के पार पहुंचा देता है।”







