Home » कोरबा की महिला के गले से 75 ग्राम सोने का रानीहार पार, शादी की खुशियां चिंता में बदली
छत्तीसगढ़

कोरबा की महिला के गले से 75 ग्राम सोने का रानीहार पार, शादी की खुशियां चिंता में बदली

पति के साथ 36 मॉल मंगला में शापिंग करने गई थी

बिलासपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत 36 मॉल मंगला में एक महिला के गले से लाखों का सोने का हार चोरी होने का मामला सामने आया है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्रार्थी मीनाक्षी सिंह निवासी कावेरी विहार एनटीपीसी कॉलोनी जमनीपाली थाना दर्री जिला कोरबा ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वे 19 अप्रैल को अपने परिवार के साथ बिलासपुर के शिक्षक नगर मंगला में एक परिवार के शादी कार्यक्रम में शामिल होने आई थी। 21 अप्रैल की रात करीब 9 बजे वे अपने पति के साथ 36 मॉल मंगला में शापिंग करने गई।

महिला ने बताया कि मॉल स्थित फैशन सिटी दुकान से कपड़े खरीदने के बाद रात लगभग 9.30 बजे वे कुलिंग वाटर के पास सीढ़ियों से नीचे उतरी और सुरक्षा गार्ड को बिल चेक कराने के बाद रैम्प से अपनी गाड़ी की ओर बढ़ी। इसी दौरान उन्हें गले में हाथ लगाने पर पता चला कि उनका पहना हुआ करीब 75 ग्राम 7.5 तोला वजनी सोने का रानीहार गायब हो चुका है। उन्होंने तत्काल मॉल परिसर और आसपास काफी तलाश की, लेकिन हार का कोई सुराग नहीं मिला। चोरी हुए हार की अनुमानित कीमत लगभग 4 लाख 95 हजार रूपए बताई गई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 302(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर लिया है और मॉल के सीसीटीवी फुटेज खंगालने सहित आसपास के लोगों से पूछताछ कर जांच में जुट गई है।

Search

Archives