कबीरधाम। खुद को भारतीय खाद्य निगम ( एफसीआई) का अधिकारी बताकर किराना व्यापारी से पिस्टल दिखाकर 50 हजार रुपए की अवैध वसूली करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यह मामला सिटी कोतवाली कवर्धा क्षेत्र का है, जहाँ आरोपी की ठगी का शिकार हुए व्यापारी ने हिम्मत जुटाकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम छिरहा निवासी किराना व्यापारी पिताम्बर गुप्ता ने पुलिस को बताया कि 2 अप्रैल की रात करीब 10:30 बजे एक व्यक्ति उनकी दुकान पर पहुंचा। उसने खुद को एफसीआई का एक बड़ा अधिकारी बताते हुए कहा कि वह चोरी का चावल खरीद रहा है। इसके बाद, आरोपी ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकालकर व्यापारी को धमकाया और जेल भेजने की बात कही। अपनी बातों से डराकर, आरोपी ने व्यापारी से 60 हजार रुपए की मांग की। व्यापारी, आरोपी की धमकी और पिस्टल से भयभीत होकर, मौके पर ही 50 हजार रुपए दे दिए।

जांच के बाद गिरफ्तारी : घटना के बाद, पीड़ित व्यापारी ने हिम्मत जुटाकर 8 अप्रैल को कोतवाली थाने में आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। मामला दर्ज होते ही पुलिस सक्रिय हो गई और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटना के गवाहों के बयान दर्ज किए और तकनीकी साक्ष्य जुटाए। इन सब के आधार पर, पुलिस ने आरोपी सचिन चड्डा (47), जो मूल रूप से जबलपुर का निवासी है और वर्तमान में रायपुर में रह रहा था, को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान, सचिन चड्डा ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।
आगे की जांच : पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक कार, एक 0.32 बोर की लाइसेंसी पिस्टल, दो मैगजीन, 11 जिंदा कारतूस और पिस्टल पाउच जब्त किए हैं। पुलिस को आशंका है कि आरोपी ने इसी तरह की ठगी अन्य व्यापारियों के साथ भी की होगी। इस एंगल से भी जांच की जा रही है ताकि ऐसे अन्य मामलों का भी खुलासा हो सके। आरोपी सचिन चड्डा के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 308(6) के तहत मामला दर्ज किया गया है।







