इंदौर। देवास में सिनेमाघर से ’धुरंधर’ फिल्म देखकर बाहर निकले युवक और महिला के साथ फिल्मी स्टाइल में अपहरण की सनसनीखेज मामला सामने आया है। इंदौर से आए तीन आरोपियों ने दोनों को सिनेमा परिसर से ही जबरन उठाया, मारपीट की और कार में डालकर पीटते हुए इंदौर तक ले गए।
घटना उज्जैन रोड स्थित एक सिनेमाघर की है, जहां युवक चिरायु पाठक और एक महिला फिल्म देखकर बाहर निकले ही थे कि पहले से घात लगाए बैठे आरोपी रवि वर्मा, हर्षित वर्मा और पीयूष यादव ने उन्हें पकड़ लिया। आरोपियों ने सिनेमा परिसर में ही दोनों की पिटाई की और जबरन कार में बैठाकर फरार हो गए। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
रास्ते भर की मारपीट, बंदूक दिखाकर डराया
जानकारी के अनुसार, आरोपियों ने दोनों को देवास से इंदौर तक ले जाते हुए लगातार मारपीट की। महिला ने बताया कि शिप्रा क्षेत्र में आरोपियों ने धारदार हथियार से हमला करने की कोशिश की और बंदूक तक तान दी। इंदौर पहुंचने पर उन्हें एक मकान में ले जाकर युवक के साथ बेरहमी से मारपीट की गई, जिससे उसकी आंख में गंभीर चोट आई है।
साजिश में पूर्व पति का नाम
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस पूरी वारदात की साजिश महिला के पूर्व पति ने रची थी। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच तलाक का मामला चल रहा है, जिसके चलते यह घटना अंजाम दी गई।
महिला की सूझबूझ से खुला राज
इस खतरनाक स्थिति में महिला ने हिम्मत और समझदारी दिखाते हुए महिला ने आरोपियों से उनके पक्ष में बातें कर जैसे-तैसे उनको बहलाया और एमआइजी थाने तक ले गई। वहां पहुंचते ही उसने पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी, जिसके बाद मामला खुल गया।
दो आरोपी गिरफ्तार, एक फरार
सूचना मिलते ही देवास कोतवाली पुलिस इंदौर पहुंची और पीड़ितों व आरोपियों को वापस देवास लाई। पुलिस ने महिला के पूर्व पति और देवर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।







