रायगढ़ । जिले में मां और दो बच्चों की 5 दिन पुरानी लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पुलिस घटना की जांच में जुटी है। पूरा मामला छाल थाना क्षेत्र के कीदा गांव का है।
जानकारी के मुताबिक ग्राम कीदा में आज दोपहर सिदार मोहल्ले के एक घर से बदबू आने के बाद किसी अनहोनी घटना की आशंका को देखते हुए पड़ोसी मकान में पहुंचे। इस दौरान 35 वर्षीय सुकांति साहू और दोनों बच्चे युगल साहू 15 साल, प्राची साहू 12 साल का शव बिस्तर में पड़ा हुआ था। पड़ोंसियों ने इसकी सूचना छाल थाने में दी। घटना की जानकारी मिलते ही छाल थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
बताया जा रहा है कि महिला का पति महेन्द्र साहू रोजी मजदूरी का कम करता है और बीते सोमवार से वह काम करने बाहर गया हुआ था। घटना की जानकारी मिलने के बाद वह आज गांव लौटा।घटना के संबंध में छाल थाना प्रभारी मोहन भारद्वाज ने बताया कि घटना की जानकारी के बाद वे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे हैं। तीनों का शव 4-5 दिन पुराना है। फारेंसिक टीम एवं डॉग स्वायड को बुलाया गया है। पीएम रिपोर्ट के बाद ही तीनों के मौत के कारणों का पता चल सकेगा।







