Home » कूलर में आ रहा था करंट : चपेट में आकर दो मासूमों की दर्दनाक मौत … गांव में पसरा मातम
छत्तीसगढ़

कूलर में आ रहा था करंट : चपेट में आकर दो मासूमों की दर्दनाक मौत … गांव में पसरा मातम

बिलासपुर। बिल्हा थाना अंतर्गत ग्राम बरतोरी में गुरूवार की सुबह एक हृदयविदारक घटना घटी। घटना ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया। कूलर चालू करने के दौरान करंट की चपेट में आकर दो बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा एक ऐसा सच उजागर करता है, जिससे हर अभिभावक को सतर्क होने की आवश्यकता है। मृतकों की पहचान बालक लक्की जायसवाल पिता देवचरण जायसवाल 13 वर्ष निवासी बरतोरी और बालिका जीतू जायसवाल पिता दिनेश जायसवाल 14 वर्ष निवासी सीगारपुर जिला कवर्धा के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार जीतू गर्मी की छुट्टियां मनाने अपनी बड़ी मां के घर बरतोरी आई हुई थी। गुरूवार की सुबह जब घर के बड़े लोग गांव में मजदूरी करने गए थे, तब यह दुखद हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि जीतू कूलर चालू कर रही थी। तभी उसे जोर का झटका लगा और वह कांपने लगी। उसे देखकर, वही मौजूद लक्की दौड़कर बचाने गया, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गया। दोनों बच्चे मौके पर बेसुध होकर गिर पड़े। घटना की जानकारी लक्की के चाचा राजू जायसवाल को मिली, जो घर के बाहर ही किराना दुकान चलाते हैं। उन्होंने तत्काल डॉयल 112 को सूचना दी और बच्चों को बिल्हा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही बिल्हा पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों की उपस्थिति में दोनों के शव का पंचनामा कर पीएम करवाया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मामले की जांच अभी जारी है।

यह घटना हर एक परिवार के लिए चेतावनी है। खासकर गर्मी के इस मौसम में जब कूलर और अन्य बिजली उपकरणों का अधिक उपयोग होता है। बारिश या कूलर के पानी से खुले तारों में करंट आने की संभावना कई गुना बढ़ जाती है। ऐसे में हर माता पिता को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि घर में लगे बिजली उपकरण सुरक्षित स्थिति में हों, तारो को खुला न छोड़ा जाए और बच्चों को अकेले न छोड़ा जाए। गांव में इस हादसे के बाद शोक की लहर है। परिजनों को रो रोकर बुरा हाल है। दो होनहार बच्चों की असमय मौत ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। यह हादसा न केवल दिल दहला देने वाला है, बल्कि यह भी सिखाता है कि सुरक्षा में जरा सी चूक भी जीवन के लिए घातक साबित हो सकती है।

Search

Archives