महासमुंद और बेमेतरा में गुरुवार को दो सड़क हादसों में 9 लोगों की मौत हो गई और 8 लोग घायल हो गए। महासमुंद में राष्ट्रीय राजमार्ग- 353 पर भीषण सड़क हादसे में कार सवार एक ही परिवार के 5 लोग व चालक की मौत हो गई। कार और ट्रक की टक्कर में राजस्व विभाग में पदस्थ आरआई ताहर सिंह ठाकुर सहित उनके पूरे परिवार की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा दोपहर 3:48 बजे ओंकारबंद के पास हुआ। हादसा इतना भयानक था कि कार के परखच्चे उड़ गए। शवों को निकालने के लिए स्थानीय प्रशासन को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
इस हादसे में ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल है। वहीं घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की मदद से मृतकों और घायलों को बाहर निकाला। सभी शवों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागबाहरा भेजा गया है। घायल ट्रक चालक को इलाज के लिए महासमुंद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
बेमेतरा में तीन लोगों की मौत- वहीं बेमेतरा में सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर एक एसयूवी के सड़क से फिसलकर सूखी नहर में गिर जाने से एक महिला और उसकी बेटी समेत तीन लोगों की मौत हो गई और आठ अन्य घायल हो गए।







