बांदा। शादी तय होने से नाराज युवती ने घर में सूना मौका पाकर दुपट्टे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। स्वजन ने बताया कि जहां शादी तय हुई थी, वहां बेटी विवाह करने के लिए तैयार नहीं थी। जिसके चलते उसने आत्मघाती कदम उठाया है।
अतर्रा कस्बा के मुहल्ला लेखपाल कालोनी निवासी 27 वर्षीया विजयलक्ष्मी ने गुरुवार सुबह करीब 10.30 बजे घर के कमरे में पंखे से फंदा लगा लिया। घटना के समय मां शारदा देवी पड़ोस में रह रही मामी बिंदू के घर गई हुई थी। जहां से कुछ देर बाद मां वापस अपने घर लौटी तो बेटी विजयलक्ष्मी ने आवाज देने पर दरवाजा नहीं खोला।
मां ने बताया कि उसके भाई हीरालाल व भतीजे कन्हैया को मामले की जानकारी देने पर वह छत के रास्ते घर के अंदर दाखिल हुए। जहां कमरे में विजयलक्ष्मी को फंदे में लटकते पाए हैं। तुरंत फंदे से नीचे उतारकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसको मृत घोषित कर दिया।
स्वजन ने बताया कि विजयलक्ष्मी दो भाइयों के बीच इकलौती बहन थी। दोनों भाई रवि व हरी पंजाब में प्राइवेट नौकरी कर करते हैं। पिता महेंद्र की करीब 20 वर्ष पहले बीमारी के चलते मृत्यु हो गई थी। मां- बेटी अकेले घर में रहते थे।
स्वजन ने विजयलक्ष्मी की शादी फतेहगंज क्षेत्र के एक गांव में तय कर दी थी। आगामी 30 अप्रैल को शादी की तिथि तय थी। स्वजन के अनुसार फतेगंज के गांव में शादी तय होने से विजयलक्ष्मी नाराज थी। घटना से मां समेत अन्य स्वजन बेहाल हैं।







