Home » रायबरेली में सुलह के दौरान फायरिंग करने के दो आरोपित गिरफ्तार, अवैध पिस्टल और कारतूस बरामद
उत्तर प्रदेश

रायबरेली में सुलह के दौरान फायरिंग करने के दो आरोपित गिरफ्तार, अवैध पिस्टल और कारतूस बरामद

रायबरेली। दो दिन पूर्व सुलह समझौता के दौरान युवक पर छह राउंड फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के पास एक अवैध पिस्टल और चार कारतूस बरामद की गई है। पुलिस ने दर्ज मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धाराओं में बढ़ोतरी की है। पकड़े गए दोनों आरोपित प्रतापगढ़ जनपद के रहने वाले हैं।

सलोन के नुरूद्दीनपुर के रहने वाले राज शर्मा पर वर्ष 2022 में फायरिंग की गई थी। राज के अनुसार शुभम भट्ट नाम के युवक ने मंगलवार की रात उन्हें फोन कर इसी मामले के बारे में बात करने के लिए ढाबे पर बुलाया।

सुलह का बनाया दबाव

जब वह पहुंचे तो शुभम के साथ सिपाही शक्ति सिंह (वह प्रतापगढ़ के लालगंज अझारा थाने के अगई गांव का रहने वाला) और राहुल भी थे। सभी ने टोल प्लाजा के पास एक होटल पर खाना खाया। इस दौरान आरोपित मुकदमे में सुलह का दबाव बनाने लगे।

मना करने पर सिपाही शक्ति ने उस पर फायरिंग कर दी। इसके बाद राहुल, शक्ति और शुभम ने मिलकर उस पर छह राउंड फायरिंग की। गनीमत रही कि वह बाल बाल बच गए थे। राज की तहरीर पर केस दर्ज कर सलोन पुलिस ने शुक्रवार को दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनमें प्रतापगढ़ के थाना लालगंज अझारा के बरगदहा रानीगंज कैथोला निवासी राहुल सिंह व मांधाता थाने के वीरापुर मजरे हंसीपरजी सौरभ मिश्रा उर्फ अमन शामिल है।

पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने बताया कि आरोपितों के पास एक अवैध पिस्टल व चार कारतूस मिले हैं, जिसको लेकर मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धाराएं बढ़ाई गई हैं। इनमें आरोपित सौरभ पर मांधाता थाने में दो व राहुल पर लालगंज अझारा थाने में दो मुकदमे दर्ज हैं।

Search

Archives