Home » एक ही महिला ने 4 बार लिखाई दुष्कर्म की रिपोर्ट, पीड़ित बोला- बर्खास्त सिपाही ने रची साजिश
उत्तर प्रदेश

एक ही महिला ने 4 बार लिखाई दुष्कर्म की रिपोर्ट, पीड़ित बोला- बर्खास्त सिपाही ने रची साजिश

गोरखपुर। महिला द्वारा दर्ज कराए गए तीन मुकदमों में साक्ष्य न मिलने पर फाइनल रिपोर्ट लग चुकी है। मामले को लेकर एएसपी अब जांच करेंगे। उधर पीड़ित ने एसपी सिटी को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि सुराती देवी नाम की अज्ञात महिला ने उसके ऊपर बस्ती और गोरखपुर जिले में चार बार दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज करवाया है। उनका कहना है कि बर्खास्त सिपाही ने बदला लेने के लिए साजिश रची है।

जिले के तिवारीपुर के तकिया के रहने वाले बृजेश कुमार यादव पर महिला ने चौथी बार दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया है। तीन मुकदमे में साक्ष्य न मिलने पर पुलिस ने फाइनल रिपोर्ट लगा दी है। बृजेश का आरोप है कि दुष्कर्म का आरोपित बर्खास्त हो चुका सिपाही बदला लेने के लिए मुकदमा दर्ज करवा रहा है। एएसपी/सीओ कैंट मामले की जांच कर रहे हैं।

एसपी सिटी को दिए प्रार्थना पत्र में बृजेश ने लिखा है कि सुराती देवी नाम की अज्ञात महिला ने उसके ऊपर बस्ती और गोरखपुर जिले में चार बार दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज करवाया है। उनके मकान में किराए पर रहने वाले सिपाही हरीश ने वर्ष 2021 में किशोरी के साथ दुष्कर्म किया था। मुकदमा दर्ज करके पुलिस ने हरीश को जेल भेजा था, वह नौकरी से बर्खास्त हो गया है। छूटने के बाद साजिश के तहत उसने फरेंदा थाने में मुकदमा दर्ज करवाया, जिसमें उच्च न्यायालय से स्टे मिला हुआ है।

आरोप है की सिपाही ने रिश्तेदार के साथ मिलकर उसके विरुद्ध सभी मुकदमे दर्ज कराए हैं, ताकि उसके विरुद्ध चल रहे मुकदमे में समझौता हो जाए। बृजेश का आरोप है कि दुष्कर्म का मुदकमा दर्ज कराने वाली महिला गिरोह चलाती है। एसपी सिटी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि एएसपी/सीओ कैंट मामले की जांच कर रहे हैं। साक्ष्य के आधार पर कार्रवाई होगी। दो दिन पूर्व ही शाहपुर पुलिस ने छेड़खानी व दुष्कर्म का फर्जी मुकदमा दर्ज कराकर रुपये वसूलने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया था। हास्पिटल संचालक विनय सिन्हा ने व्यापार के नाम पर कई लोगों से रुपये लिए थे। वापस मांगने पर फर्जी मुकदमा दर्ज करवाता था। गिरोह में देवरिया जिले की रहने वाली दो महिलाएं व एक युवती शामिल हैं।

घर में घुसकर किशोरी के साथ दुष्कर्म, पुलिस कर रही जांच

पीपीगंज नगर पंचायत के एक वार्ड में घर पर अकेली किशोरी को छत पर ले जाकर युवक ने दुष्कर्म किया। शोर मचाने पर आरोपित छत फांदकर फरार हो गया। किशोरी के माता-पिता पड़ोस में गए थे। घर पहुंचने पर किशोरी ने स्वजन को जानकारी दी। पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपित मोनू यादव के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया है। आरोपित रिश्ते में किशोरी का भाई बताया जा रहा है। किशोरी के पिता ने पुलिस को बताया कि उनके पड़ोस में एक व्यक्ति का निधन हो गया था। वह और उनकी पत्नी उनके घर गए थे। बेटी घर पर अकेली थी। वापस आने पर बेटी ने बताया कि आरोपित जबरन घर में घुस गया और खींचकर छत पर ले गया। वहां उसने दुष्कर्म किया और फरार हो गया। उधर, सूचना पर आरोपित के घर पहुंची पुलिस उसके पिता को हिरासत में थाने ले गई। थाना प्रभारी पीपीगंज आशीष कुमार सिंह ने बताया कि आरोपित फरार है। जल्द ही उसकी गिरफ्तारी कर ली जाएगी।

Search

Archives