शामली। कांधला में एलम-कनियान के जंगल में एक मादा तेंदुए का शव पीपल के पेड़ पर लटका मिला। किसान ने इसे देख अन्य ग्रामीणों को सूचित किया। पेड़ पर चढ़ते समय विद्युत लाइन की चपेट में आने से तेंदुए की मौत हो गई। पुलिस और वन विभाग को सूचित किया गया है। सूचना पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और वन विभाग के अधिकारियों को सूचना दी गई।
कांधला थाना क्षेत्र के एलम-कनियान के जंगल में अक्सर तेंदुए देखें जाने की सूचना मिलती रही है। हालांकि तेंदुए के हमले से कोई जनहानि नहीं हुई। शनिवार सुबह एलम-कनियान मार्ग पर पीपल के पेड़ पर मादा तेंदुए का शव मिलने से लोगों में हलचल मच गई। सबसे पहले एलम निवासी किसान मोंटी ने तेंदुए का शव देखा। उसने फोन कर मामले की जानकारी अन्य लोगों को दी।
संभावना जताई जा रही है कि तेंदुआ पीपल के पेड़ पर चढ़ रहा था। इस दौरान विद्युत लाइन की चपेट में आने के कारण उसकी मौत हो गई। तेंदुए को देखने के लिए मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर एलम पुलिस चौकी इंचार्ज शैलेन्द्र कुमार मौके पर पहुंच गए।
उन्होंने मामले की जानकारी वन विभाग को दी। पिछले साल भी कनियान के जंगल में पेड़ पर तेंदुए का शव फंसा हुआ मिला था, जबकि एक तेंदुए गांव सुन्ना के जंगल में काटे में फंस गया था। सूचना पर वन विभाग की टीम उसे पकड़कर ले गई थी। किसान मोंटी ने बताया कि तीन दिन पहले उसने जंगल में एक साथ तीन तेंदुए देखें थे। किसान के अनुसार अभी दो तेंदुए जंगल में घूम रहे हैं। जिससे ग्रामीणों में अब दहशत बढ़ गई है।







