उत्तर प्रदेश के हाथरस से सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां के गांव नगला कली में प्रेमी के साथ रह रही पत्नी को युवक ने चाकू से गोदकर मार डाला। वारदात के दौरान महिला के प्रेमी करन द्वारा किए गए हमले में पति आदित्य के साथ आए उसके दोस्त की भी जान चली गई और प्रेमी भी घायल हुआ है।
प्रेमी करन ने बताया कि उसकी प्रेमिका गौरी ने परिवार में कई बार हुए विवाद के दौरान पति के साथ रहने से साफ इन्कार कर दिया था। इसे लेकर कई बार परिवार में विवाद भी हुआ था, लेकिन परिवार ने अनदेखा कर दिया था।
घटनाक्रम के अनुसार मूल रूप से अलीगढ़ शहर के नुमाइश ग्राउंड इलाके की 24 वर्षीय गौरी ने तीन वर्ष पहले कासगंज के नसरतपुर के आदित्य संग प्रेम विवाह किया था। शादी के कुछ दिन बाद ही दोनों में अनबन शुरू हो गई। इसी बीच आदित्य के फुफेरे भाई यानि गौरी के रिश्ते के देवर करन निवासी हसनपुर बारू से गौरी के प्रेम संबंध हो गए। इन्हीं प्रेम संबंधों में 26 जून को करन व गौरी नसरतपुर से चले आए। करन गौरी को लेकर अपनी मौसी के गांव सहपऊ के नगला कली पहुंच गया। तब से वहीं रह रहा था।
जब इस बात की जानकारी आदित्य को हुई तो वह बृहस्पतिवार को अपने तीन दोस्तों संग दो बाइक से नगला कली पहुंच गया। यहां दोपहर करीब ढाई बजे घर के चबूतरे पर खड़े करन व गौरी आपस में बात कर रहे थे। उन्हें देख आदित्य उग्र हो गया। इस दौरान आदित्य व करन के बीच विवाद शुरू हो गया। कुछ ही देर में वे झगड़ा करने लगे। इस झगड़े में जब गौरी बीच में आई तो प्लानिंग के तहत चाकू लेकर आए आदित्य ने गौरी पर कई वार करते हुए उसकी हत्या कर दी। बीचबचाव में करन आया तो उसे भी ईंट मारकर घायल कर दिया।







