Home » एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा : खड़े ट्रक में घुसी तेज रफ्तार कार, चार लोगों की मौत
उत्तर प्रदेश

एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा : खड़े ट्रक में घुसी तेज रफ्तार कार, चार लोगों की मौत

उन्नाव जिले में गंगा एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार शाम भीषण सड़क हादसा हुआ। आसीवन थाना क्षेत्र के नंगाखेड़ा गांव के पास किलोमीटर संख्या 387.6 पर सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में तेज रफ्तार कार पीछे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार सवार चार लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना शुक्रवार शाम करीब पांच बजे के आसपास हुई। कार सवार लोग गंगा एक्सप्रेसवे से गुजर रहे थे, तभी गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क पर खड़े ट्रक से टकरा गई। सूचना मिलते ही आसीवन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। आनन फानन घायलों को अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

प्रयागराज के निवासी थे सभी :  पुलिस के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी के नंबर के आधार पर प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मृतक प्रयागराज जनपद के रहने वाले थे। फिलहाल पुलिस मृतकों की शिनाख्त सुनिश्चित करने के साथ गाड़ी के पंजीकरण विवरण का मिलान कर रही है।

परिजनों से संपर्क में जुटी पुलिस :  हादसे की सूचना मिलने के बाद हड़कंप मच गया। पुलिस टीम मृतकों के परिजनों से संपर्क करने का हर संभव प्रयास कर रही है, ताकि उन्हें घटना की जानकारी दी जा सके और शवों का पोस्टमार्टम कराया जा सके। आसीवन पुलिस ने मौके से ट्रक को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतकों में ये हैं शामिल

  • उदय सिंह (26)  निवासी जाफरपुर फूलपुर, जनपद प्रयागराज।
  • अनुपम गुप्ता (32)  निवासी जाफरपुर फूलपुर जनपद प्रयागराज।
  • विजय  (25) निवासी बाबूगंज कस्बा फूलपुर, जनपद प्रयागराज।
  • अमन  (28) निवासी बाबूगंज कस्बा फूलपुर, जनपद प्रयागराज।

Search

Archives