Home » नौकरी करने निकले युवक का तालाब में मिला शव, पिता ने कहा डूबा नहीं मारकर फेंका गया
उत्तर प्रदेश देश

नौकरी करने निकले युवक का तालाब में मिला शव, पिता ने कहा डूबा नहीं मारकर फेंका गया

हाटा बाजार (गोरखपुर)। देहरादून (उत्तराखंड) की निजी कंपनी में नौकरी करने निकले युवक का शव 26 अक्टूबर को बहराइच जिले में मिला। पिता ने दोस्तों पर रुपये के लिए हत्या करने का आरोप लगाते हुए जरवल रोड थाने में तहरीर दी है। आरोप है कि नौकरी ज्वाइन कराने के नाम पर 10 हजार रुपये लेने वाले साथी 50 हजार रुपये और मांग रहे थे। रुपये न मिलने पर उन्होंने हत्या करके शव को पोखरे में फेंक दिया।

हाटा बाजार के राधेश्याम गौंड ने जरवल रोड थाना पुलिस को दी गई तहरीर में लिखा है कि 13 अक्टूबर को उनका पुत्र शिवम देहरादून की यंग फैशन वैल्यू कंपनी में डाटा इंट्री आपरेटर की नौकरी करने गया था। गगहा में रहने वाले दोस्त सूरज मौर्य ने उसे बुलाया था। पहुंचने के बाद ज्वाइन कराने के लिए 10 हजार रुपये मांगे। बेटे के जानकारी देने पर उन्होंने शुभम नाम के युवक के खाते में 10 हजार रुपये भेज दिए। इसके बाद सूरज व शुभम बेटे से 50 हजार रुपये तथा दो अन्य लोगों को कंपनी से जोड़ने का दबाव बनाने लगे। संदेह होने पर उसने छानबीन की तो पता चला कि सूरज व शुभम जालसाजी कर रहे हैं। रुपये वापस मांगने पर दोनों जान से मारने की धमकी देने लगे। इसके बाद नौकरी छोड़कर 21 अक्टूबर को देहरादून- मुजफ्फरपुर ट्रेन का टिकट लेकर शिवम घर के लिए चला। फोन करने पर उसने लखनऊ पहुंचने की जानकारी देते हुए कहा कि कंपनी के लोग पीछा कर रहे हैं। कुछ देर बाद उसका मोबाइल फोन बंद हो गया। 26 अक्टूबर को जरवल थाना क्षेत्र में रेलवे लाइन से 200 मीटर दूर स्थित पोखरे में उसका शव मिला। पोखरे के किनारे ही बैग व अन्य सामान पड़ा था। राधेश्याम ने पुलिस को दिए तहरीर में गगहा के सूरज मौर्या और शुभम पता अज्ञात पर हत्या करने का आरोप लगाया है।

Search

Archives