Home » एटीएस की बड़ी कार्रवाई: फर्जी आधार कार्ड बनाने वाले गिरोह का सरगना बंगाल से दबोचा
उत्तर प्रदेश

एटीएस की बड़ी कार्रवाई: फर्जी आधार कार्ड बनाने वाले गिरोह का सरगना बंगाल से दबोचा

लखनऊ। आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) ने फर्जी भारतीय दस्तावेज तैयार कर विदेशी नागरिकों के लिए आधार कार्ड समेत अन्य पहचान पत्र बनवाने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के सरगना को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान बंगाल के मुर्शिदाबाद स्थित रघुनाथगंज थाना निवासी सद्दाम के रूप में हुई है। आरोपित पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

एटीएस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपित फर्जी जन्म प्रमाणपत्र, निवास प्रमाणपत्र और स्कूल प्रमाणपत्र जैसे दस्तावेज तैयार कर वर्चुअल प्राइवेट नेटवर्क (वीपीएन) के माध्यम से आधार कार्ड तैयार करने वाले गिरोह का मास्टर माइंड है। इस गिरोह के 17 सदस्यों को बंगाल व बिहार से एटीएस द्वारा पहले गिरफ्तार किया जा चुका है। यह गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और फर्जी पहचान पत्र के सहारे बांग्लादेशियों, रोहिंग्या व नेपाल सहित अन्य देशों के नागरिकों की घुसपैठ भारत में कराता था। एटीएस के अधिकारियों ने बताया कि गिरोह अधिकृत आधार नामांकन ऑपरेटरों के लॉग-इन आईडी का दुरुपयोग करता था। इसके अलावा, वीपीएन और रिमोट एक्सेस तकनीक का इस्तेमाल कर दूरस्थ स्थानों से आधार नामांकन की प्रक्रिया पूरी करता था। गिरफ्तार आरोपित को ट्रांजिट रिमांड पर उत्तर प्रदेश लाया जा रहा है।

Search

Archives