Home » महिला को जंगल में ले जाकर दरिंदगी करने का आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
उत्तर प्रदेश

महिला को जंगल में ले जाकर दरिंदगी करने का आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

श्रावस्ती। एसओजी व सिरसिया पुलिस की संयुक्त टीम ने बुधवार की रात दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे आरोपित को मुठभेड़ में दबोच लिया। आरोपित के दाहिने पैर में गोली लगी है। इलाज के लिए उसे संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा भेजा गया है। आरोपित के पास से अवैध तमंचा, कारतूस, खोखा व बाइक बरामद बरामद हुई है।

एसपी घनश्याम चौरसिया ने पुलिस कार्यालय में मामले की जानकारी देते हुए बताया कि 17 जून को एक महिला ने सिरसिया थाने में तहरीर देकर बताया कि वह अपने घर से मायके जा रही थी। उसके गोद में एक वर्षीय बच्चा भी था। फटवा गुलरा के पास नहर पुलिया पर टेंपो से उतरते ही वहां पहले से मौजूद गुलरा निवासी अनीस उसे खींचकर जंगल की ओर ले गए और दुष्कर्म किया। किसी को बताने पर बच्चे को जान से मारने की धमकी दी।

इस मामले में सिरसिया थाने पर दुष्कर्म, चोट पहुंचाकर धमकी देने व एससी-एसटी एक्ट का मामला दर्ज किया गया था। पुलिस टीम आरोपित की तलाश कर रही थी। बुधवार की रात पुलिस को आरोपित के बारे में सूचना मिली। एसओजी व सिरसिया पुलिस टीम ने छोटकी सुइया से गुलरा मुख्य मार्ग जाने वाले मोड़ के पास घेराबंदी की। आरोपित अनीस ने पुलिस टीम को देखकर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और अवैध तमंचे से फायरिंग की। आत्मरक्षा में पुलिस ने कार्रवाई की।

Search

Archives