Home » 2 भाइयों की 27वीं मंजिल से गिरकर मौत, बिजली जाने पर बिल्डिंग से उतरते समय हुआ हादसा
उत्तर प्रदेश

2 भाइयों की 27वीं मंजिल से गिरकर मौत, बिजली जाने पर बिल्डिंग से उतरते समय हुआ हादसा

दनकौर। एक निर्माणाधीन बिल्डिंग में काम कर रहे दो चचेरे भाइयों, आमिर और नवाजिश की 27वीं मंजिल से गिरकर मौत हो गई। यह हादसा बिजली जाने के कारण हुए अंधेरे में पैर फिसलने से हुआ। दोनों गाजियाबाद के रहने वाले थे। परिजनों ने घटनास्थल पर हंगामा किया, लेकिन बिल्डर द्वारा आर्थिक सहायता और नौकरी के आश्वासन के बाद वे शांत हो गए।

दोनों भाई गाजियाबाद जिले के रहने वाले थे। हादसा शनिवार देर रात दनकौर कोतवाली क्षेत्र में यमुना प्राधिकरण के सेक्टर 25 स्थित बिल्डर साइट पर हुआ। गाजियाबाद जिले के थाना मसूरी अंतर्गत मोहिउद्दीनपुर ढबारसी गांव स्थित ईदगाह रोड निवासी आमिर(19) और नवाजिश उर्फ सुहेल (23) चचेरे भाई थे।

लाइट चली जाने से हुआ हादसा

दोनों के पिता गांव में ही वेल्डिंग का काम करते हैं। दोनों कामगार शनिवार को पहले दिन ही दनकौर क्षेत्र के सेक्टर 25 स्थित एक बिल्डर साइट पर काम करने पहुंचे थे। उनके साथी यहां पहले से ही काम कर रहे थे। देर रात 27 वीं मंजिल पर काम समाप्त होने के बाद सभी नीचे उतरने वाले थे। इसी दौरान बिजली आपूर्ति ठप होने से अंधेरा फैल गया। अन्य कामगार रुक गए, लेकिन आमिर अंधेरे में ही नीचे उतरने लगा। इसी बीच पैर फिसलने से वह नीचे जा गिरा। इसके बाद सुहेल भी उतरते समय उसी के पास जा गिरा। दोनों के गिरने की साथियों को भनक नहीं लगी। अन्य कामगार उतरने वाले थे, इसी बीच बिजली आ गई।

नीचे उतरे साथियों को जब आमिर और नवाजिश नहीं दिखे तो तलाश शुरू की। करीब एक घंटे बाद दोनों खून से लथपथ जमीन पर पड़े मिले। कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह का कहना है कि पीड़ित स्वजन द्वारा कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर जांच में मिले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

शव रखकर किया हंगामा, मदद के आश्वासन पर हुए शांत

साथियों से घटना की जानकारी मिलने पर मृतकों के स्वजन मौके पर पहुंचे। इसी बीच भारतीय किसान यूनियन महासभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष गीता भाटी भी मौके पर पहुंच गईं। स्वजन के साथ हंगामा शुरू कर दिया। बिल्डर ने पुलिस को बुला लिया। इसके बाद बिल्डर द्वारा मृतकों के स्वजन को आर्थिक सहायता और नौकरी का आश्वासन दिया गया। तब स्वजन शांत हो गए। पुलिस ने पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंप दिए।

घरों में पसरा मातम

चाचा शाहिद ने बताया कि आमिर दो भाइयों में बड़ा था, जबकि नवाजिश चार भाइयों में तीसरे नंबर का था। घटना के बाद से ही परिवार में मातम पसरा हुआ है। रविवार को शव पहुंचते ही कोहराम मच गया। स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल था। उनका कहना था कि दोनों भाई रोजी रोटी के लिए गए थे।

Search

Archives