ससुर रह चुके हैं बीसीसीआई अध्यक्ष
न्यूज डेस्क। टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली इन दिनों सिर्फ अपनी बल्लेबाजी ही नहीं, बल्कि एक चर्चित इंटरव्यू को लेकर भी सुर्खियों में हैं। आईपीएल 2026 के दौरान आरसीबी पॉडकास्ट में दिए गए उनके कुछ बेबाक बयानों ने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है। कोहली ने इंटरव्यू में कहा कि उनसे बार-बार अपनी “काबिलियत साबित” करने की उम्मीद की गई, जिससे वह खुश नहीं थे। इसके बाद फैंस उनके बयान को टेस्ट क्रिकेट से रिटायरमेंट की चर्चाओं से जोड़कर देख रहे हैं।
हालांकि, इस इंटरव्यू की चर्चा के बीच एक नाम तेजी से वायरल हो रहा है और वो हैं मशहूर स्पोर्ट्स एंकर मयंती लैंगर, जिन्होंने विराट का यह ‘तूफानी’ इंटरव्यू लिया।
कौन हैं मयंती लैंगर?
मयंती लैंगर भारत की सबसे लोकप्रिय और ग्लैमरस स्पोर्ट्स प्रेजेंटर्स में गिनी जाती हैं। क्रिकेट से लेकर फुटबॉल तक, उन्होंने कई बड़े इंटरनेशनल टूर्नामेंट्स को होस्ट किया है। उनकी शानदार कम्युनिकेशन स्किल, आत्मविश्वास और दमदार प्रेजेंटेशन स्टाइल ने उन्हें देश की टॉप स्पोर्ट्स एंकर्स की लिस्ट में शामिल कर दिया है।
आईपीएल 2026 में भी मयंती स्टार स्पोर्ट्स की ब्रॉडकास्ट टीम का अहम हिस्सा हैं और लगातार मैच कवरेज व एक्सक्लूसिव इंटरव्यू करती नजर आ रही हैं।
सेना परिवार से ताल्लुक, अमेरिका में भी बिताया बचपन
मयंती लैंगर का जन्म 8 फरवरी 1985 को हुआ था। उनके पिता लेफ्टिनेंट जनरल संजीव लैंगर भारतीय सेना में वरिष्ठ अधिकारी रह चुके हैं। सेना परिवार से होने के कारण उनका बचपन अलग-अलग शहरों में बीता, जबकि कुछ समय उन्होंने अमेरिका में भी गुजारा।
उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी के हिंदू कॉलेज से पढ़ाई की। कॉलेज के दिनों में ही उनकी रुचि स्पोर्ट्स जर्नलिज्म और एंकरिंग की तरफ बढ़ने लगी थी। शुरुआत में फुटबॉल एंकरिंग से करियर शुरू करने वाली मयंती ने बाद में क्रिकेट की दुनिया में बड़ी पहचान बनाई।
कई बड़े टूर्नामेंट्स का चेहरा रह चुकी हैं मयंती
मयंती लैंगर ने सिर्फ आईपीएल ही नहीं, बल्कि आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप, चौंपियंस ट्रॉफी और फीफा वर्ल्ड कप जैसे मेगा इवेंट्स को भी होस्ट किया है। स्पोर्ट्स ब्रॉडकास्टिंग में उनकी प्रोफेशनल पकड़ और खिलाड़ियों के साथ सहज बातचीत करने की कला उन्हें बाकी एंकर्स से अलग बनाती है।
पति क्रिकेटर, ससुर रहे बीसीसीआई अध्यक्ष
मयंती लैंगर की निजी जिंदगी भी क्रिकेट से गहराई से जुड़ी हुई है। उन्होंने साल 2012 में भारतीय क्रिकेटर विन्नी से शादी की थी। स्टुअर्ट बिन्नी आईपीएल में रॉयल चैलेंजर बैंगलुरू की ओर से भी खेल चुके हैं और 2016 में फाइनल तक पहुंची आरसीबी टीम का हिस्सा थे। वहीं उनके ससुर रोजर विन्नी भारतीय क्रिकेट के बड़े नामों में शामिल हैं। वह 1983 वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय टीम के सदस्य रहे और उस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज भी थे। बाद में उन्होंने बीसीसीआई अध्यक्ष के रूप में भी जिम्मेदारी संभाली। अब विराट कोहली का चर्चित इंटरव्यू लेने के बाद मयंती लैंगर एक बार फिर सोशल मीडिया और क्रिकेट फैंस के बीच चर्चा का बड़ा विषय बन गई हैं।







