एक बार फिर दुनिया के नंबर एक टेनिस खिलाड़ी यानिक सिनर ने लगातार दूसरी बार विंबलडन का खिताब अपने नाम कर लिया है। 12 जुलाई को खेले गए फाइनल मुकाबले में उन्होंने जर्मनी के खिलाड़ी अलेक्जेंडर ज्वेरेव को एक हाई वोल्टेज मैच में हरा दिया।
इस शानदार जीत के साथ ही सिनर ने अपने करियर की पांचवीं ग्रैंड स्लैम ट्रॉफी अपने नाम कर ली है। इस जीत के साथ ही सिनर ने ज्वेरेव को लगातार 10वीं बार हराया है। इसके अलावा, वह टेनिस के इतिहास में लगातार दो बार विंबलडन का खिताब जीतने वाले 10वें खिलाड़ी बन गए हैं।
मैच के बीच में चोटिल हो गए थे ज्वेरेव : ढाई घंटे से भी ज्यादा चले इस मैच के तीसरे सेट में ज्वेरेव को पहली बार बढ़त बनाने का मौका मिला। लेकिन इसी दौरान सिनर के एक ड्रॉप शॉट को रोकने के चक्कर में वह फिसलकर कोर्ट पर गिर गए। ज्वेरेव अपने दाहिने घुटने को पकड़कर दर्द से कराहने लगे, जिसे देखकर स्टेडियम में मौजूद सभी फैंस की सांसें अटक गईं। इसके बाद भी ज्वेरेव ने पट्टी बंधवाने के बाद खेलना जारी रखा। लेकिन अगले ही गेम में सिनर ने उनका सर्विस गेम जीत लिया और 5-3 से आगे हो गए। इस बात से हताश होकर ज्वेरेव ने गुस्से में अपना रैकेट कोर्ट पर ही पटक दिया। फिर सिनर ने यह तीसरा सेट भी अपने नाम कर लिया और मैच में 2-1 की बढ़त बना ली।
आखिरी सेट को सिनर ने एकतरफा अंदाज में किया अपने नाम : चौथे सेट में भी सिनर ने ज्वेरेव का सर्विस गेम जीतकर 4-3 की बढ़त बना ली। इसके बाद उन्होंने ज्वेरेव को वापसी का कोई मौका नहीं दिया और बेहतरीन खेल दिखाते हुए मैच जीत लिया। अपनी जीत पक्की होते ही 24 साल के सिनर खुशी के मारे कोर्ट की घास पर लेट गए और लगातार दूसरी बार विंबलडन चैंपियन बनने का जश्न मनाया। इससे पहले 11 जुलाई को विंबलडन 2026 में महिला सिंगल्स का फाइनल मुकाबला खेला गया थाए जिसे लिंडा नोस्कोवा ने अपने नाम किया।







