मुल्लांपुर । भारत और अफगानिस्तान के बीच मुल्लांपुर में खेला गया एकमात्र टेस्ट मैच तीसरे ही दिन समाप्त हो गया। भारतीय टीम ने अफगानिस्तान को पारी और 300 रन से हराकर टेस्ट क्रिकेट इतिहास की अपनी सबसे बड़ी जीत दर्ज की। इस ऐतिहासिक जीत के सबसे बड़े नायकों में युवा स्पिन ऑलराउंडर मानव सुथार रहे, जिन्होंने अपने डेब्यू टेस्ट में गेंद और बल्ले दोनों से शानदार प्रदर्शन किया। मानव ने मैच में कुल सात विकेट अपने नाम किए। पहली पारी में उन्होंने छह विकेट झटके, जबकि दूसरी पारी में एक सफलता हासिल की। इसके अलावा भारतीय टीम की पहली पारी में उन्होंने 41 गेंदों पर 28 रनों की उपयोगी पारी भी खेली। उनके हरफनमौला प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
‘मेरा बचपन का सपना पूरा हुआ’ : मैच के बाद मानव ने कहा कि टेस्ट क्रिकेट खेलना उनका बचपन का सपना था और भारत की टेस्ट कैप हासिल करना उनके लिए बेहद खास और भावुक पल रहा। उन्होंने कहा, ‘भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट खेलना मेरा हमेशा से सपना रहा है। जब मुझे टेस्ट कैप मिली तो वह एहसास अविश्वसनीय था। सच कहूं तो कुछ समय तक मुझे यकीन ही नहीं हो रहा था कि मैं भारतीय टीम के लिए टेस्ट क्रिकेट खेल रहा हूं।’
बल्लेबाजी ने बढ़ाया आत्मविश्वास : मानव ने बताया कि बल्लेबाजी के दौरान ही उन्हें पिच के मिजाज का अंदाजा हो गया था। उन्होंने कहा, ‘जब मैं बल्लेबाजी करने उतरा तो मैं काफी सहज महसूस कर रहा था। कुछ गेंदें खेलने के बाद मुझे समझ आ गया कि विकेट पर स्पिनरों के लिए मदद मौजूद है। बाद में जब गेंदबाजी करने आया तो मुझे भी वही महसूस हुआ। इसके बाद मेरा पूरा ध्यान सही लाइन, लेंथ और गति के साथ लगातार गेंदबाजी करने पर रहा।’







