Home » डॉक्टर के घर 1 करोड़ की चोरी का खुलासा : एक महिला सहित 9 गिरफ्तार, मुख्य आरोपी अभी भी फरार
छत्तीसगढ़ • दुर्ग-भिलाई

डॉक्टर के घर 1 करोड़ की चोरी का खुलासा : एक महिला सहित 9 गिरफ्तार, मुख्य आरोपी अभी भी फरार

दुर्ग । जिले के वैशाली नगर थाना क्षेत्र में डॉक्टर नमिता मित्तल के घर हुई लाखों की चोरी के मामले में पुलिस ने एक महिला सहित 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 47 लाख 64 हजार रुपये नकदी, सोने-चांदी के जेवरात सहित कुल 1 करोड़ रुपये का सामान बरामद किया है। इस मामले का मुख्य आरोपी राहुल बंसोड अभी भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

मिली जानकारी के अनुसार डॉक्टर नमिता मित्तल ने पुलिस को बताया कि 17 अक्टूबर को वह परिवार सहित विदेश गई थीं। 23 अक्टूबर को लौटने पर उन्हें घर से नकदी, सोने-चांदी और डायमंड के जेवर चोरी होने का पता चला। उन्होंने तत्काल पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर राहुल बंसोड की भूमिका संदिग्ध पाई।

पुलिस ने आरोपियों की तलाश में गोदियों, नागपुर, मिर्जापुर, प्रयागराज और भदोही तक जांच की। जांच के दौरान आरोपी प्रदीप चौधरी का सुराग मिला। प्रदीप चौधरी को मिर्जापुर-भदोही के पास गंगा नदी के किनारे से गिरफ्तार किया गया। वह नाव से भागने की कोशिश कर रहा था।

चोरी का खुलासा और बरामदगी :  प्रदीप चौधरी से पूछताछ में अन्य आरोपियों की संलिप्तता सामने आई। उसने बताया कि उसने मुख्य आरोपी राहुल बंसोड के साथ मिलकर चोरी की थी। चोरी की नकदी और जेवरात को उसके घर के कमरे में फर्श के नीचे गड्ढा खोदकर छिपाया गया था। पुलिस ने इस स्थान से सामान बरामद किया। कुछ जेवरात भदोही के वैष्णवी ज्वेलर्स के संचालक सोनू जायसवाल को कम कीमत पर बेचे गए थे, जिसने उन्हें गलाकर स्वरूप बदल दिया था।

अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी :  चोरी का सामान बिकवाने में मदद करने वाले सुजीत सिंह को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया। पुलिस ने राहुल बंसोड को भागने में मदद करने और चोरी का सामान छिपाने वाले उसके माता-पिता और भाई को भी पकड़ा। गिरफ्तार किए गए 9 आरोपियों में प्रदीप चौधरी, सुजीत सिंह, सोनू जायसवाल, रविंद्र बंसोड, किरण बंसोड, आयुष बंसोड, रेखचंद देवांगन, आकाश श्रीपाद और अमन सिंह शामिल हैं। फरार मुख्य आरोपी राहुल बंसोड दुर्ग भिलाई में पहले भी बड़ी चोरियों को अंजाम दे चुका है।