IPL 2026 में अगर किसी युवा खिलाड़ी ने सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरी हैं तो वह हैं राजस्थान रॉयल्स के विस्फोटक बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी। अपने बेखौफ अंदाज और तूफानी बल्लेबाजी से इस युवा बल्लेबाज ने पूरे सीजन गेंदबाजों की नींद उड़ाए रखी। अब वैभव को चेन्नई के पूर्व क्रिकेटर की बेस्ट इलेवन में जगह दी है। पूर्व भारतीय क्रिकेटर और चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व स्टार बल्लेबाज सुब्रमण्यम बद्रीनाथ ने लीग स्टेज समाप्त होने के बाद IPL 2026 की अपनी सर्वश्रेष्ठ प्लेइंग इलेवन में वैभव सूर्यवंशी को जगह दी है, जबकि विराट कोहली और केएल राहुल जैसे दिग्गजों को बाहर रखा है।
विराट-राहुल पर भारी पड़ा युवा सितारा : सबसे ज्यादा चर्चा बद्रीनाथ के उस फैसले की हो रही है, जिसमें उन्होंने 500 से ज्यादा रन बनाने वाले विराट कोहली और केएल राहुल को अपनी सर्वश्रेष्ठ XI में जगह नहीं दी। बद्रीनाथ ने ओपनिंग के लिए वैभव सूर्यवंशी को गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल के साथ चुना। गिल ने इस सीजन 616 रन बनाकर अपनी टीम को पॉइंट्स टेबल में दूसरे स्थान तक पहुंचाया। वहीं, ऑरेंज कैप की दौड़ में सबसे आगे चल रहे साई सुदर्शन को उन्होंने नंबर-3 पर रखा, जिससे उनकी टीम का टॉप ऑर्डर बेहद मजबूत नजर आता है।
मिडिल ऑर्डर में इन खिलाड़ियों को मिली जगह : बद्रीनाथ की बेस्ट XI में विस्फोटक बल्लेबाज हेनरिक क्लासेन और RCB कप्तान रजत पाटीदार को शामिल किया गया है। दोनों बल्लेबाजों ने इस सीजन स्पिन गेंदबाजी के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया है। ऑलराउंडर के तौर पर क्रुणाल पांड्या को जगह मिली, जबकि अनुभवी सुनील नरेन को स्पेशलिस्ट स्पिनर के रूप में चुना गया। गेंदबाजी विभाग में बद्रीनाथ ने अनुभवी भुवनेश्वर कुमार, जोफ्रा आर्चर और कगिसो रबाडा को चुना है। हालांकि सबसे चौंकाने वाला फैसला युवा तेज गेंदबाज प्रिंस यादव और कार्तिक त्यागी को मौका देना रहा। दोनों युवा गेंदबाजों ने इस सीजन अपनी रफ्तार और आक्रामक गेंदबाजी से खास पहचान बनाई। उनकी टीमें भले ही प्लेऑफ में नहीं पहुंच सकीं, लेकिन उनके प्रदर्शन ने सभी का ध्यान खींचा।
सुब्रमण्यम बद्रीनाथ की IPL 2026 बेस्ट XI: वैभव सूर्यवंशी, शुभमन गिल, साई सुदर्शन, हेनरिक क्लासेन, रजत पाटीदार, क्रुणाल पांड्या, सुनील नरेन, भुवनेश्वर कुमार, जोफ्रा आर्चर, कगिसो रबाडा, प्रिंस यादव/कार्तिक त्यागी।







