एशिया कप 2025 का आगाज होने में अब सिर्फ एक दिन शेष है। मंगलवार को ग्रुप बी का पहला मुकाबला अफगानिस्तान और हॉन्ग कॉन्ग के बीच अबु धाबी में खेला जाएगा। दोनों टीमें जीत के साथ टूर्नामेंट में अपने अभियान की शुरुआत का लक्ष्य लेकर उतरेंगी। अफगानिस्तान और हॉन्ग कॉन्ग के बीच होने वाला मुकाबला नौ सितंबर को भारतीय समयानुसार रात आठ बजे से शुरू होगा।
अच्छी शुरुआत को बेताब हॉन्ग कॉन्ग- पिछले संस्करण (2023) का हिस्सा नहीं रही हॉन्ग कॉन्ग की टीम इस बार टूर्नामेंट में बेहतर प्रदर्शन करने की कोशिश करेगी। टीम के शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों पर बड़ी जिम्मेदारी होगी। बाबर हयात और अंशुमान रथ पर तेज शुरुआत दिलाने का दारोमदार रहेगा। मिडल ऑर्डर में अनुभवी किंचित शाह बल्लेबाजी की रीढ़ साबित हो सकते हैं और उन्हें मार्टिन कोएत्जी व जीशान अली जैसे बल्लेबाजों से सहयोग की उम्मीद होगी। गेंदबाजी विभाग में कप्तान यासिम मुर्तजा के साथ निजाकत खान और अहसान खान स्पिन का जिम्मा संभालेंगे, जबकि मोहम्मद वाहिद इकलौते तेज गेंदबाज होंगे।
अफगानिस्तान भी जीत से करना चाहेगी अभियान की शुरुआत- राशिद खान की अगुवाई वाली अफगान टीम जीत के साथ टूर्नामेंट की शुरुआत करना चाहेगी। हाल ही में खत्म हुई त्रिकोणीय सीरीज में टीम का प्रदर्शन दमदार रहा था। अफगानिस्तान के लिए ओपनिंग रहमनुल्लाह गुरबाज और सेदिकुल्लाह अटल करेंगे। दोनों से मजबूत शुरुआत की उम्मीद होगी। गुरबाज हालिया सीरीज में लय से बाहर रहे थे, लेकिन इस मैच में वापसी करना चाहेंगे। वहीं, मिडल ऑर्डर में इब्राहिम जादरान, अजमतुल्लाह उमरजई, करीम जनत और डार्विश रसूली खेलते नजर आएंगे। चारों अच्छी फॉर्म में हैं। गेंदबाजी विभाग हमेशा की तरह स्पिन पर निर्भर करेगा। राशिद खान, नूर अहमद, मुजीब उर रहमान और मोहम्मद नबी अहम कड़ी होंगे, जबकि फजलहक फारूकी एकमात्र विशेषज्ञ तेज गेंदबाज रहेंगे।







