IND vs AFG: भारत और अफगानिस्तान के बीच में टेस्ट मुकाबले के बाद अब दोनों टीमों के बीच में तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी, जिसको लेकर अफगानिस्तान ने अपने स्क्वाड में टेस्ट मैच में शानदार प्रदर्शन करने वाले मोहम्मद सलीम को शामिल किया है।
भारतीय टीम ने अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट मुकाबले को सिर्फ तीन दिनों के अंदर खत्म कर दिया जिसमें अब दोनों टीमों के बीच में 13 जून से तीन मैचों की वनडे सीरीज का आगाज होगा, जिसका पहला मुकाबला धर्मशाला के स्टेडियम में खेला जाएगा। इस सीरीज के लिए दोनों टीमों ने अपने स्क्वाड का ऐलान काफी पहले ही कर दिया था, जिसमें अब अफगानिस्तान ने 23 साल के तेज गेंदबाज मोहम्मद सलीम जिन्होंने टेस्ट मैच में शानदार प्रदर्शन किया था भी जोड़ दिया है। इससे पहले सलीम केवल टेस्ट मुकाबले के लिए ही अफगानिस्तान का हिस्सा थे, लेकिन उनके प्रदर्शन को देखते हुए अफगानिस्तान के चयनकर्ताओं ने वनडे में भी उनको मौका देने का फैसला लिया है।
टेस्ट मुकाबले में भीषण गर्मी में फेंका था लंबा स्पेल : अफगानिस्तान टीम के 23 साल के तेज गेंदबाज मोहम्मद सलीम का न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर स्टेडियम में खेले गए टेस्ट मैच में भीषण गर्मी में जबरदस्त फिटनेस भी देखने को मिली थी। सलीम ने इस मैच में जहां लंबा स्पेल फेंका तो वहीं वह 140 रन देकर 6 विकेट भी लेने में कामयाब रहे थे, जिसमें शुभमन गिल और यशस्वी जायसवाल का विकेट भी शामिल था। मुल्लांपुर की पिच जो शुरुआती 2 दिन बल्लेबाजी के लिए काफी मुफीद थी, उसमें मोहम्मद सलीम ने लगभग 140 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी करते हुए भारतीय बल्लेबाजों को परेशान किया था।
वनडे सीरीज में अफगानिस्तान से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद : टेस्ट मुकाबले में भारत के खिलाफ सिर्फ तीन दिनों के अंदर पारी और 300 रनों से मात खाने वाली अफगानिस्तान टीम से अब आगामी वनडे सीरीज में थोड़ा बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है। इस सीरीज में अफगान टीम के स्टार खिलाड़ी राशिद खान भी खेलते हुए दिखेंगे लेकिन वह अभी स्क्वाड के साथ जुड़े नहीं हैं जिसमें उनके सीधे धर्मशाला में जुड़ने की उम्मीद की जा रही है। वहीं अफगान टीम के अनुभवी खिलाड़ी मोहम्मद नबी वनडे सीरीज में पूरी तरह से स्वस्थ ना होने की वजह से हिस्सा नहीं ले सकेंगे। वनडे सीरीज का पहला मैच जहां धर्मशाला में होगा तो वहीं दूसरा मुकाबला 17 जून को लखनऊ में जबकि तीसरा और आखिरी मैच 20 जून को चेन्नई के स्टेडियम में खेला जाएगा, जिसमें तीनों मुकाबलों की शुरुआत भारतीय समयानुसार दोपहर 1:30 से होगी।







